अंब-नैहरियां मार्ग स्थित विश्राम गृह में अव्यवस्थाएं

By: Oct 30th, 2026 12:54 am

गंदगी और पेड़ों की लटकती टहनियों से लोग परेशान, लोगों ने जल्द से जल्द स्थिति सुधारने की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
अंब-नेहरियां मार्ग पर स्थित विश्राम गृह में अव्यवस्थाओं के चलते यहां ठहरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करने पड़ रहा है। बंदरों के आतंक, परिसर में फैली गंदगी और सडक़ तक फैली पेड़ों की टहनियों के कारण लोग यहां ठहरने से कतराते हैं। विश्राम गृह के नजदीक दुकानदार आशीष भारद्वाज, सुभाष, वीरेंद्र शर्मा, राजेश कुमार ,सुशील ,और बीरेंद्र यादव ने बताया कि परिसर के आसपास बड़े-बड़े पेड़ होने के कारण बंदर और अन्य जानवर हुड़दंग मचाते रहते हैं। इससे यहां ठहरने वाले लोग भय के कारण बाहर निकलने से भी कतराते हैं। वहीं, परिसर में फैली गंदगी के कारण भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि विश्राम गृह के पास पेड़ों की टहनियां मुख्य मार्ग तक फैल गई हैं।

इससे बड़ी गाडय़िों की आवाजाही के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के कार्यालय से विश्राम गृह की ओर जाने वाली सीढय़िों पर फैली गंदगी भी परेशानी का कारण बनी हुई है।स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि विश्राम गृह में मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते यहां ठहरने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों और निवासियों को भी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या से विधायक सुदर्शन बबलू को भी अवगत करवाया जा चुका है। विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आया है और जल्द ही लोगों को इस समस्या से निजात दिलवाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App