करवाचौथ पर सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत, चांद के दीदार के बाद खोला व्रत

By: Oct 30th, 2026 12:55 am

ऊना के बाजारों में रही रौनक, ब्यूटी पार्लर, मिठाई और मनियारी की दुकानों पर उमड़ी भीड़, नए परिधानों में सजी नजर आईं सुहागिनें
नगर संवाददाता-ऊना
जिला ऊना में करवाचौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखा। सुबह से ही व्रत रखने वाली महिलाओं ने दिनभर बिना अन्न और जल ग्रहण किए समय बिताया। शाम को चांद के दीदार का इंतजार किया गया। चंद्रमा के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने अपने पतियों के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत खोला। करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पर्व के चलते ऊना शहर के बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही।

महिलाओं ने करवाचौथ की पूजा और शृंगार के लिए जरूरी सामान की खरीदारी की। बाजार में चूडय़िों, बिंदियों, सौंदर्य प्रसाधनों और अन्य शृंगार सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। वहीं, मिठाई की दुकानों पर भी रौनक देखने को मिली। करवाचौथ पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति की लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद व्रत खोलकर परिवार के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। जिला भर में करवाचौथ को लेकर उत्साह का माहौल रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App