कोटलू गांव में पहुंचे पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग
आशियाना राख होने पर पीडि़त को बंधाया ढांढस, प्रशासन से मदद के लिए उठाई मांग
निजी संवाददाता-भराडी
घुमारवीं की ग्राम पंचायत बम्म के कोटलू गांव में अचानक भडक़ी आग ने कश्मीर सिंह के परिवार की खुशियों को राख में बदल दिया। घर में रखा सामान जलने से परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। जिंदगी भर की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी को इस तरह बर्बाद होते देख परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस मुश्किल घड़ी में पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग पीड़ित परिवार का दर्द बांटने पहुंचे। उन्होंने कश्मीर सिंह पुत्र पुन्नू राम और उनके परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया तथा उन्हें जरूरत के काम आने वाली कुछ वस्तुएं भी भेंट कीं।
इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। राजेंद्र गर्ग ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में उन्हें हिम्मत बनाए रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि घर केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत नहीं होता, बल्कि इसमें परिवार की वर्षों की मेहनत, सपने और जीवनभर की जमा पूंजी जुड़ी होती है। एक आशियाना खड़ा करने और उसमें जरूरत का सामान जुटाने के लिए मेहनत करनी पड़ती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
