बेफिक्र होकर जाइए, खुल गया नेशनल हाई-वे का सबसे व्यस्त पुल

By: Nov 6th, 2026 11:42 am

पंकज ओबरॉय—कांगड़ा

मटौर वैली ब्रिज का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पुल को बीती रात 10 बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। अब वाहन चालक इस वैली ब्रिज से होकर आवागमन कर सकेंगे। एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुल पर चल रहा निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इसे यातायात के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुल खुलने से कांगड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

पिछले कुछ समय से पुल पर कार्य चलने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वैकल्पिक मार्गों से यातायात चलाए जाने के चलते कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो रही थी, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा था। अब पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने पुल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य के दौरान सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के आपसी सहयोग और प्रयासों से यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो पाया है। पुल खुलने से अब वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों के लंबे चक्कर से राहत मिलेगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी पहले की तरह सामान्य होने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App