कटराईं में एनएच किनारे लगा दी बाड़
हॉट एयर बैलून संचालकों ने रस्सियां-लकडिय़ां लगाकर रोकी जगह, लोगों को रही दिक्कत
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
कटराईं में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सार्वजनिक जगह के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यहां हॉट एयर बैलून उड़ाने वाले संचालकों ने सडक़ किनारे रस्सियां और लकड़ी के अवरोध लगाकर अपनी सीमा निर्धारित कर दी है। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगती खाली जगह का इस्तेमाल करने वाले स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत मशहूर श्री रघुनाथ आई अस्पताल में आंखों का उपचार करवाने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को उठानी पड़ रही है। कटराईं स्थित श्री रघुनाथ आई अस्पताल में दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आंखों की जांच और उपचार करवाने पहुंचते हैं।
इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और ऐसे मरीज भी शामिल होते हैं, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचने के लिए वाहन की जरूरत पड़ती है, लेकिन अस्पताल के आसपास वाहन खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण मरीजों के परिजनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सडक़ किनारे रस्सियां बांधकर लकड़ी के स्टैंड और अवरोध लगाना न केवल पार्किंग की समस्या पैदा कर सकता है, यातायात और पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
