पट्टा बरावरी स्कूल में मेधावियों पर बरसे पुरस्कार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा बरावरी में पांच नवंबर को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य दूनी चंद शर्मा ने की, जबकि सेवानिवृत्त मेजर जगदीश शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश वर्मा और आईपीएच विभाग शिमला के डिप्टी डायरेक्टर संदीप कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में मुख्यातिथि ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान कक्षा और विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके अलावा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय दिवसों के आयोजन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पारितोषिक प्रदान किए गए।
मुख्यातिथि ने दसवीं और जमा दो कक्षाओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को अपनी ओर से नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य दूनी चंद शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ जीवन में आगे बढऩे का संदेश दिया। मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ग्राम पंचायत प्रधान सुमिता कौशल, बीडीसी अध्यक्ष प्रोमिला कौशल, एसएमसी अध्यक्ष दिवाकर दत्त शर्मा, पूर्व जनसंपर्क अधिकारी डीडी कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
