30 मिनट का लंच ब्रेक, हर महीने मिलेगी सैलरी स्लिप

By: Nov 7th, 2026 12:53 am

बद्दी में कैंपस उद्योग में कामगारों का विवाद सुलझा; हड़ताल समाप्त, ओवरटाइम का भुगतान भी होगा नियमानुसार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित कैंपस उद्योग में कामगारों और प्रबंधन के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार को बातचीत के बाद सुलझ गया। हिमाचल प्रदेश इंटक महासंघ और हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रयासों से कामगारों की सभी जायज मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद कामगारों ने हड़ताल समाप्त कर दी है और उद्योग में जल्द कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है। इंटक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ठाकुर और प्रदेश महासचिव हरबंस राणा ने बताया कि समझौते के तहत कर्मचारियों को नियमानुसार टी-ब्रेक और 30 मिनट का लंच ब्रेक मिलेगा। सभी कर्मचारियों को हर महीने वेतन स्लिप दी जाएगी और विभिन्न पदों के लिए ग्रेडेशन निर्धारित किया जाएगा। ओवरटाइम का भुगतान भी नियमानुसार होगा। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और शिकायतों के निवारण के लिए महिला उत्पीडऩ समिति गठित की जाएगी।

अक्तूबर माह का वेतन 17 नवंबर को जारी होगा। हड़ताल में शामिल किसी भी कामगार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। एरियर का भुगतान प्रदेश सरकार की अधिसूचना के अनुरूप किया जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार को विवाद ने उग्र रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में कुछ कामगार और कंपनी स्टाफ के सदस्य घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर एएसपी संजीव भाटिया और डीएसपी योगराज चंदेल के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की। इंटक प्रतिनिधियों ने भी कामगारों को समझाकर बातचीत से समाधान निकालने में अहम भूमिका निभाई। एएसपी संजीव भाटिया ने विवाद शांतिपूर्ण ढंग से सुलझने की पुष्टि की। श्रम अधिकारी सुरिंदर बिष्ट ने बताया कि प्रबंधन ने कामगारों की सभी जायज मांगें स्वीकार कर ली हैं और हड़ताल समाप्त हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App