डीसी ने परिवार सहित प्रवासी बच्चों संग मनाई दिवाली
ऊना। उपायुक्त जतिन लाल शनिवार को परिवार सहित ईसपुर की शिक्षा सुधार समिति द्वारा नौण मंदिर परिसर में आयोजित दीपावली उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने समिति के गैर-आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में पढऩे वाले प्रवासी परिवारों के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों ने गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपायुक्त के साथ उनकी माता कमलेश लाल, धर्मपत्नी डॉ. रेणु सहरावत और बेटा विहान भी मौजूद रहे।
बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जतिन लाल ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा होती है और उसे निखारने के लिए उचित अवसर व प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं। समिति के महासचिव सुच्चा सिंह कंग ने उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
