छोटी दिवाली पर धर्मशाला के बाजार गुलजार
गेंदा फूलों, मिट्टी के दीयों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे बाजार, त्योहार का उत्साह चरम पर
नगर संवाददाता- धर्मशाला
दीपावली के त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक अपने चरम पर पहुंचने लगी है। पर्व की तैयारियों में जुटे लोगों की भीड़ से शनिवार को धर्मशाला के बाजार गुलजार नजर आए। कहीं रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू लोगों को आकर्षित कर रही थी तो कहीं मिट्टी के दीयों, सजावटी सामान और मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की मूर्तियों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दीपावली से पहले घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने तथा पूजा की तैयारियों के लिए लोग अपनी जरूरत का सामान खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं। बाजारों में सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। दीपावली पर घरों को सजाने और पूजा-अर्चना के लिए जरूरी सामान की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
फूलों की दुकानों और अस्थायी स्टालों पर गेंदा फूलों की खूब मांग रही। वहीं, मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी लडिय़ां, सजावटी लाइटें, पूजा की थालियां और मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की मूर्तियां खरीदने के लिए भी लोग दुकानों पर पहुंचते रहे। पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ विभिन्न डिजाइन और आकार में उपलब्ध सजावटी सामान भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। कई लोग अपने घरों को रोशनी और फूलों से सजाने के लिए एक साथ कई तरह की वस्तुओं की खरीदारी करते नजर आए।धर्मशाला के कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर के बाहर फूलों का स्टाल लगाने वाले स्थानीय विक्रेता गुरबचन सिंह ने बताया कि इस बार दीपावली को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। गुरबचन सिंह ने बताया कि वह गेंदा फूल 250 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेच रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
