नीट पीजी छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, सीटों को लेकर हुआ बड़ा बदलाव!
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी ब्रॉड स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की अपडेटेड सीट मैट्रिक्स जारी कर दी है। इसके तहत राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची में पीजी की 36 सीटें बढ़ी हैं, जिससे अब 176 से बढक़र 212 सीटें हो गई हैं। रिम्स में यह बढ़ोतरी सात विभागों में हुई है, जिनमें एनेस्थीसियोलॉजी में आठ, कम्युनिटी मेडिसिन में छह, माइक्रोबायोलॉजी में छह, जनरल मेडिसिन में पांच, एनाटॉमी में चार, फार्माकोलॉजी में चार और फिजियोलॉजी में तीन सीटें शामिल हैं। सरकार ने 59 सीटों की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था। राज्य के एमजीएम जमशेदपुर में 45 पीजी सीटें व छह डिप्लोमा सीटें, एसएनएमएमसीएच धनबाद में 37, लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कालेज में 24 (नए) और नेताजी सुभाष मेडिकल कालेज में 20 सीटें स्वीकृत हैं। सीआईपी रांची में 34 व रिनपास में एक सीट दर्ज है।
सीआईपी और रिनपास की सीटें 338 की गणना से अलग है। इसी तरह एमजीएम की छह डिप्लोमा सीटें भी ब्रॉड स्पेशियलिटी सीटों से अलग हैं। एनएमसी की अद्यतन सूची के अनुसार, झारखंड के पांच मेडिकल कालेजों को मिलाकर पीजी ब्रॉड स्पेशियलिटी की कुल 338 सीटें हो गई हैं। इनमें रिम्स रांची की 212, एमजीएम जमशेदपुर की 45, एसएनएमएमसीएच धनबाद की 37, लक्ष्मी चंद्रवंशी की 24 और नेताजी सुभाष मेडिकल कालेज की 20 सीटें शामिल हैं। एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने नीट-पीजी 2026-27 के लिए 5827 सीटें बढ़ाई हैं। अब सीटें 58 हजार 468 हो गई हैं। सरकारी कालेज में 10 और प्राइवेट में 32 फीसदी तक सीटें बढ़ाई हैं।
अवसर बढ़ेंगे
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि पीजी सीटों के विस्तार से मेडिकल स्नातकों को राज्य में ही विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
