पेंशनरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करेे सरकार
पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा,शीघ्र समाधान की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
हिमाचल पेंशनर्स फेडरेशन की अर्की इकाई की बैठक सोमवार को उपप्रधान रतन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रधान जय नंद शर्मा सहित फेडरेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रदेश सरकार से इनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार से बार-बार आग्रह करने के बावजूद पेंशनरों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है। पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त का लाभ मिलने के बावजूद इसका एरियर नहीं मिल पाया है। इसके अतिरिक्त 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की लंबित राशि तथा पेंशन संशोधन से संबंधित वित्तीय लाभ भी पेंशनरों को शीघ्र जारी किए जाने चाहिए।
बैठक में वर्ष 2016 और 2022 से संबंधित पेंशन संशोधन के वित्तीय लाभों का मामला भी उठाया गया। सरकार से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। फेडरेशन ने सरकार से आग्रह किया कि पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित वित्तीय लाभ जारी किए जाएं तथा उनकी मांगों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और पेंशनरों के हितों की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया। बैठक में श्याम गुप्ता, किशोरी लाल, रमेश कुमार, लेख राम, बाबू राम कौंडल, गोपाल सिंह, नरदेव शर्मा, दुर्गा राम, रोशन वर्मा आदि उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
