आज भी जीवंत है मांजू गांव की सदियों पुरानी दिवाली परंपरा

By: Nov 10th, 2026 12:52 am

जलती घास के गठर उछालकर बरलाज के गीत गाते हैं ग्रामीण
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
आधुनिकता के दौर में जहां लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाज धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं, वहीं उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू गांव में दीपावली के दिन आज भी सदियों पुरानी लोक परंपराएं पूरी जीवंतता के साथ निभाई जाती हैं। इस अवसर पर गांव में लोकगीतों, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रस्मों का अनूठा संगम देखने को मिलता है। विशेष बात यह है कि यहां ग्रामीण जलते हुए घास के गठर एक-दूसरे की ओर फेंकते हैं और पारंपरिक बरलाज के गीत गाकर अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं। परंपरा के अनुसार ग्रामीण सबसे पहले मक्की के सूखे डंडों को जलाकर अपनी नई फसल देव परंपरा को अर्पित करते हैं। इसके बाद शुरू होता है यहां का विशेष पारंपरिक आयोजन, जिसे स्थानीय बोली में केसुये खेलना कहा जाता है। इस दौरान ग्रामीण घास के ग_रों को जलाकर एक-दूसरे की ओर उछालते हैं।

ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच ग्रामीण पारंपरिक बरलाज के गीत भी गाते हैं, जिनमें क्षेत्र की लोकसंस्कृति और पुरानी मान्यताओं की झलक देखने को मिलती है। स्थानीय मान्यता के अनुसार इस परंपरा के निर्वहन से बुराइयों का अंत होता है तथा जीवन में सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। इसके उपरांत सभी ग्रामीण एकजुट होकर अपने स्थानीय आराध्य देव कुरगन के देवस्थान पहुंचते हैं। यहां लकडिय़ों के बड़े-बड़े डंडों को जलाकर अग्नि प्रज्वलित की जाती है, जिसे स्थानीय भाषा में दयाला कहा जाता है। ढोल-नगाड़ों की पारंपरिक धुनों के बीच देवता के गुर अग्नि के समक्ष बैठकर पूरे क्षेत्र की सुख-शांतिउ के लिए प्रार्थना करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App