खून का रिश्ता नहीं, फिर भी बेटों की तरह दिया अर्थी को कंधा

By: Nov 10th, 2026 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं

दीपावली के दिन जब दुनिया अपनों के साथ खुशियां मना रही थी और घर-आंगन दीपों से रोशन थे, तब घुमारवीं के कुछ युवाओं ने इंसानियत की ऐसी ज्योति जलाई, जिसने रिश्तों की परिभाषा ही बदल दी। न कोई खून का रिश्ता, न कोई स्वार्थ और न ही कोई पारिवारिक जिम्मेदारी, फिर भी उन्होंने एक महिला को अंतिम विदाई देने में बेटों से बढक़र फर्ज निभाया। करीब 30 वर्षों तक घुमारवीं बाजार में रहने वाली भगवती देवी के निधन के बाद जब अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाने के लिए कोई परिजन आगे नहीं आया तो बाजार के युवाओं ने आगे बढक़र न केवल उनकी अर्थी को कंधा दिया, बल्कि दाह संस्कार की सभी रस्में भी निभाईं। दीपावली के दिन इंसानियत और अपनत्व की यह तस्वीर जिसने भी देखी, उसकी आंखें नम हो गईं। भराड़ी क्षेत्र के एक गांव की भगवती देवी पिछले करीब 30 वर्षों से घुमारवीं बाजार में रह रही थीं। इतने लंबे समय में बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों के साथ उनका गहरा अपनापन बन गया था। बाजार ही उनकी दुनिया बन चुका था।

दीपावली के दिन उनके निधन की खबर से बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। संतान न होने के कारण उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने वाला कोई पारिवारिक सदस्य सामने नहीं था। ऐसे कठिन समय में होटल एमफोरयू के मालिक प्रमोद कुमार, नगर परिषद पार्षद रामपाल, ज्योति प्रसाद, राकेश टब्बू और राकेश कुमार (राकू) सहित अन्य युवा आगे आए। सभी ने मिलकर लकडिय़ों, कफन और अंतिम संस्कार के लिए जरूरी सामग्री का इंतजाम किया। अंतिम यात्रा में कंधा देने से लेकर दाह संस्कार की रस्में पूरी करने तक उन्होंने बेटों की तरह हर जिम्मेदारी निभाई। श्मशानघाट माहौल बेहद भावुक हो गया। जिन लोगों के बीच भगवती देवी ने अपने जीवन के करीब तीन दशक बिताए, उन्हीं लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App