दो संदिग्ध मौतों से सनसनी, झाडिय़ों में मिली अज्ञात महिला की लाश, शावड़ी में ग्रामीण की संदिग्ध हालत में मौत

By: Nov 10th, 2026 12:06 am

नाहन-सोलन हाई-वे पर लादू के पास झाडिय़ों में मिली अज्ञात महिला की लाश, कफोटा के शावड़ी में ग्रामीण की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने जताई हत्या होने की आशंका

टीम-नाहन, कफोटा

सिरमौर जिला में दो अलग-अलग स्थानों पर महिला समेत दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। नाहन-सोलन हाई-वे पर लादू के समीप झाडिय़ों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है, जबकि उपमंडल कफोटा के शावड़ी गांव में 53 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कल्याण सिंह निवासी शावड़ी के रूप में हुई है। दोनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नाहन-सोलन हाईवे पर लादू के समीप महिला का शव सडक़ से कुछ फीट नीचे झाडय़िों में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों को आसपास दुर्गंध फैलने पर इसका पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शनिवार शाम शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं हैं। ऐसे में महिला की हत्या हुई है या उसकी मौत किसी दुर्घटना के कारण हुई, पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी लापता महिलाओं से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, नाहन-शिमला हाईवे और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जुटाए साक्ष्य

उपमंडल कफोटा के शावड़ी गांव में 53 वर्षीय कल्याण सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार कल्याण सिंह अचेत अवस्था में मिले थे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App