एक के बाद एक 5 गाड़ियों को रौंदती चली गई तेज रफ्तार जीप, औट बाजार में 3 राहगीर भी कुचल दिए

By: Nov 10th, 2026 11:14 am

औट। औट बाजार में सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे एक बड़ा सडक़ हादसा पेश आया। कुल्लू से मंडी की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार जीप (एचपी 89-8240) के चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और औट बाजार में सडक़ किनारे खड़ी 5 गाडिय़ों को एक के बाद एक लाइन से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सडक़ से गुजर रहा एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए नगवाई अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीप की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही औट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App