त्यौहार तो एक बहाना, कुल्लू के मशहूर पकवान का शाहपुर हुआ दीवाना, उत्सव में सबसे बढिय़ा यही ठिकाना

By: Nov 9th, 2026 1:10 pm

पवन कुमार शर्मा—धर्मशाला

दीपावली के उल्लास और घरों को संवारने की चाह ने शाहपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैदान को त्योहारी रौनक से सराबोर कर दिया है। मैदान में सजे ‘दिवाली कार्निवल’ में न केवल शाहपुर, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी खरीददारों का सैलाब उमड़ रहा है। दशहरे से शुरू हुए इस उत्सव में दिवाली के अगले दिन भी मैदान में सुबह से देर शाम तक जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली। सजावट के साजो-सामान से लेकर जायके की खुशबू तक, यह मेला इस समय पूरे परिवार के लिए त्योहारी खरीददारी और सैर-सपाटे का साझा ठिकाना बन चुका है। शॉपिंग के साथ-साथ मेले का फूड कोर्ट युवाओं, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा खींच रहा है।

हिमाचल के पारंपरिक सुनीता के कुल्लूवी सिड्डू, गरमा-गर्म मोमोज और दक्षिण भारतीय डोसे सहित अन्य व्यंजनों के स्टॉल पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की कतारें लग रही हैं। परिसर में लगे झूलों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर रखी है। आयोजकों का कहना है कि त्योहारी माहौल को देखते हुए आने वाले दिनों में खरीददारों और दर्शकों का आंकड़ा और बढऩे की पूरी उम्मीद है। कार्निवल में इस बार सबसे बड़ा आकर्षण एंटीक शो-पीस और कलात्मक झूमरों को देखने के लिए स्टॉलों पर गृहस्वामियों की खासी भीड़ जुट रही है। इसके साथ ही महिलाओं में डिजाइनर डिनर सेट और आधुनिक किचनवेयर का भारी क्रेज देखा जा रहा है। एक ही छत के नीचे होम डेकोर का सारा सामान उपलब्ध होने से लोगों को विभिन्न बाजारों के चक्कर लगाने से राहत मिली है। मौसम में घुली हल्की गुलाबी ठंड ने मेले में गर्म कपड़ों के स्टॉल की चमक बढ़ा दी है। त्योहारी बजट के साथ-साथ लोग आने वाली कड़ाके की सर्दियों की तैयारी भी यहीं से कर रहे हैं। स्टॉल पर कंबल, शॉल, जैकेट और बच्चों के रंग-बिरंगे स्वेटर्ज की अग्रिम खरीदारी जमकर हो रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App