किसानों को 50 फीसदी सबसिडी, कल से खुलेगा पोर्टल, लॉटरी से होगा चयन

By: Nov 10th, 2026 4:47 pm

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए कृषि यंत्र खरीदने का सुनहरा मौका है। कृषि विभाग बुधवार सुबह 11 बजे से वर्ष 2026-27 के लिए एग्री मशीनरी पोर्टल दोबारा शुरू करने जा रहा है। इसके माध्यम से किसान आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने के लिए अनुदान हासिल कर सकेंगे। खास बात यह है कि लघु, सीमांत, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत सबसिडी दी जाएगी। कृषि विभाग के अनुसार किसान 16 नवंबर, 2026 तक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 17 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से पात्र किसानों का चयन किया जाएगा। यानी आवेदन करने वाले किसानों को उपकरणों का लाभ पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत मिलेगा।

इच्छुक किसान भारत सरकार के डीबीटी पोर्टल http://agrimachinery.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। कृषि विभाग पहाड़ी क्षेत्रों में खेती को आसान बनाने और किसानों की मेहनत कम करने के लिए आधुनिक मशीनरी को बढ़ावा दे रहा है। इसके तहत पावर टिलर, पावर वीडर सहित कई तरह के कृषि उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन मशीनों की मदद से खेतों की जुताई, खरपतवार नियंत्रण और अन्य कृषि कार्य कम समय और कम मेहनत में पूरे किए जा सकते हैं। इससे किसानों को खेती की लागत और श्रम कम करने में भी मदद मिलेगी। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कृषि यंत्र खरीदते समय केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्मों और स्वीकृत मॉडल का ही चयन करें। इससे अनुदान प्राप्त करने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी होगी तथा किसानों का चयन लॉटरी के आधार पर किया जाएगा। ऐसे में इच्छुक किसान अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App