नशा तस्करों पर पुलिस का डबल एक्शन
नागचला में कार से 506 ग्राम चरस और नौलखा में सीटीयू बस से चिट्टे की खेप सहित दो गिरफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
मंडी जिला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर नशा तस्करों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 506 ग्राम चरस और 6.930 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फोरलेन पर कार में चरस लेकर जा रहा था, जबकि दूसरा सीटीयू बस में सफर के दौरान चिट्टे की खेप के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पहले मामले में पुलिस थाना बल्ह की टीम ने नागचला फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 506 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार सुहैल (23), निवासी जिला कैथल, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। इस बरामदगी के बाद पुलिस थाना बल्ह में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना धनोटू की टीम ने 10 नवंबर को नौलखा स्थित शिकारी माता मंदिर के समीप फोरलेन पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस ने सीटीयू बस में सवार एक युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 6.930 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान आदित्य (29), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भी मौके पर गिरफ्तार कर पुलिस थाना धनोटू में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
