न्यू कांप्लेक्स सिस्टम की अधिसूचना जल्द लो वापस
प्राथमिक शिक्षकों ने विधायक नीरज नैयर को थमाया 25 सूत्रीय मांग पत्र, लंबित मांगों पर सरकार को घेरने की तैयारी
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला चंबा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सदर विधायक नीरज नैयर से मुलाकात कर प्राथमिक शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 25 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान शिक्षा खंड हरदासपुरा, कियाणी, मैहला और चंबा के शिक्षक मौजूद रहे। संघ के जिला अध्यक्ष पुनीत निराला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के समक्ष शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगें उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान के लिए प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाने का आग्रह किया। मांग पत्र में न्यू कांप्लेक्स सिस्टम संबंधी अधिसूचना वापस लेने, प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने, एचटी, सीएचटी और बीईईओ के रिक्त पदों से छेड़छाड़ न करने, जेबीटी से मुख्याध्यापक एवं अन्य पदों पर पदोन्नति के अवसर बढ़ाने तथा शिक्षकों की वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा अंतर जिला स्थानांतरण नीति को सरल बनाने और ऑनलाइन कार्यों के लिए शिक्षकों को मोबाइल, सिम तथा डाटा उपलब्ध करवाने सहित अन्य मांगें भी शामिल की गईं। इस दौरान खंड कियाणी के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर, खंड हरदासपुरा के अध्यक्ष रविकांत शर्मा, खंड चंबा के अध्यक्ष अमित कुमार तथा खंड मैहला के सचिव सुशील शर्मा सहित विभिन्न खंडों के पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।
शिक्षकों के हित के लिए जारी रहेगा संघर्ष
जिला अध्यक्ष पुनीत निराला ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षकों की जायज मांगों और प्राथमिक शिक्षा की बेहतरी के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षकों के हितों की लड़ाई एकजुटता के साथ जारी रखेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
