शीतकालीन सत्र की आहट से धर्मशाला में बढ़ी हलचल

By: Nov 11th, 2026 12:54 am

विधायकों के सवालों की तैयारी में जुटे अधिकारी, शहर में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज
नगर संवाददाता- धर्मशाला
तपोवन में 16 नवंबर से शुरू होने वाले प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर धर्मशाला में हलचल बढऩे लगी है। सत्र के लिए जहां विभिन्न सरकारी विभागों में तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों के स्वागत के लिए धर्मशाला से तपोवन तक व्यवस्थाएं जुटाने की कवायद भी तेज हो गई है। विधानसभा सत्र के मद्देनजर प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं और अधिकारी आगामी दिनों में होने वाली व्यस्तता को देखते हुए तैयारियों में जुटे हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों की ओर से उठाए जाने वाले सवालों के जवाब तैयार करने में विभिन्न विभागों के अधिकारी व्यस्त हैं। इसके लिए विभागीय स्तर पर संबंधित विषयों से जुड़ा रिकॉर्ड, आंकड़े और जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं। जिला स्तर के कार्यालयों से लेकर संबंधित विभागों तक सूचनाओं के आदान-प्रदान का सिलसिला चल रहा है, ताकि सदन में पूछे जाने वाले सवालों के जवाब निर्धारित समय पर तैयार किए जा सकें।

सत्र नजदीक आने के साथ ही विभागीय अधिकारियों की व्यस्तता भी बढ़ गई है। उधर, तपोवन विधानसभा परिसर में सत्र के संचालन को लेकर व्यवस्थाएं बनाने के साथ धर्मशाला शहर में भी तैयारियों पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य लोगों की आवाजाही को देखते हुए शहर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की आवश्यक्ता रहेगी। सडक़ व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाएं सत्र के दौरान महत्त्वपूर्ण रहेंगी। आगामी दिनों में शहर और तपोवन क्षेत्र में विधानसभा सत्र से जुड़ी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। छह दिवसीय शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित है। ऐसे में धर्मशाला एक बार फिर प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है। सत्र को लेकर विभागीय तैयारियों के साथ शहर में भी व्यवस्थाओं को लेकर हलचल बढऩे लगी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App