जगणी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति अरेस्ट
घर के बाथरूम में बेसुध मिली महिला; अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, पुलिस ने शुरू की छानबीन
निजी संवाददाता- जयसिंहपुर
उपमंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत अपर लंबागांव के गांव जगणी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 34 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाथरूम से बरामद हुआ। मृतका की शिनाख्त ज्योति कुमारी पत्नी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। मायका पक्ष की ओर से मृतका की बहन द्वारा पति पर प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। ससुर पशुओं को चराने गए हुए थे, जबकि सास पड़ोस में किसी काम के सिलसिले में गई थी। मृतका का पति नरेंद्र कुमार जो जयसिंहपुर नागरिक अस्पताल में बतौर एंबुलेंस चालक सेवारत है, वह भी अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था। दंपति के दोनों मासूम बच्चे घटना से कुछ समय पूर्व ही अपने ताया-ताई के संग जालंधर रवाना हुए थे।
सुबह करीब दस बजे जब सास घर लौटी, तो आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। तलाश करने पर ज्योति बाथरूम के भीतर बेसुध पड़ी मिली। आनन-फानन में ग्रामीणों की सहायता से उसे जयसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतका की बहन पूजा ने आरोप लगाया कि ज्योति का पति नरेंद्र कुमार उसे लगातार तंग व मानसिक रूप से प्रताडि़त करता आ रहा था। बहन के बयानों के आधार पर लंबागांव पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुईए इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
कुठेहड़ में पंखे से झुला व्यक्ति, मौत
जवाली। पुलिस थाना कोटला के अंतर्गत कुठेहड़ में 36 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान मुकेश कुमार (36) पुत्र केवल किशोर निवासी कुठेहड़ के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी अनुसार सोमवार शाम करीबन 4:40 बजे पुलिस थाना कोटला में इसकी सूचना मिली थी। पुलिस मौका पर पहुंची तथा कमरे के अंदर पंखे से मृतक के शव को नीचे उतारा। पुलिस ने इस संदर्भ में परिजनों के बयान कलमबद्ध करके शव को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि कोटला थााना के अंतर्गत कुठेहड़ पंचायत में मुकेश कुमार ने पंखे से फंदे लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
