पालमपुर में ‘आवारा’ हुई ट्रैफिक, जाम ने निकाला व्यवस्था का कचूमर
‘नो पार्किंग’ में कतार में पार्क हो रहे वाहन, न वन-वे का पालन, न बाइपास से जाने का नियम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-पालमपुर
देश के बेस्ट पर्यटक स्थलों में शुमार पालमपुर शहर का बेहुदा ट्रैफिक व्यवस्था ने हाल बेहाल कर दिया है। वैसे तो यहां ‘वन वे’; बाइपास थ्रू ब्रिज, पालमपुर बाइपास जैसी कई कागजी व्यवस्थाएं हैं पर जब आप शहर में एंट्री करना चाहेंगे तो ऐसी व्यवस्था से पाला पड़ेगा जो देखने में बिरली ही होगी। यहां आपको ‘नो पार्किंग जोन’ में लाइन पार्क किए हुए वाहन मिलेंगे। जहां वन-वे है, वहां आपको नियमों को चुनौती देने वाले वाहन उल्टी दिशा में दौड़ते हुए मिलेंगे। मुख्य बाजार, जहां सिर्फ और सिर्फ खरीददारों के आने-जाने की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां कारें, जीपें, टैक्सियां पार्क मिलेंगी। यही कारण है कि पालमपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या दिन-व-दिन गंभीर होती जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों पर आड़े-तिरछे खड़े वाहन और यातायात नियंत्रण की कमी के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि दो मिनट की दूरी तय करने में आधा घंटा तक लग रहा है।
पालमपुर शहर के मुख्य बाजार से लेकर घुघर, होल्टा, कालू दी हट्टी तक छोटे-बड़े वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। शहर के बीच से दिन के समय ट्रक, टिप्पर या अन्य बिल्डिंग मैटीरियल से लदे वाहनों की आवाजाही नहीं होनी चाहिए, लेकिन रेत-बजरी से लदे ट्रक दिन-रात दौड़ते नजर आएंगे। खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोगों के वाहन सडक़ पर ही खड़े होने से जाम की स्थिति बन रही है। घुग्गर में भी वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग और सडक़ पर बढ़ते दबाव के चलते यातायात बेहाल है। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम में फंसकर काफी समय गंवाना पड़ रहा है। न्यू बस स्टैंड के आसपास बसों, निजी वाहनों और अन्य यातायात के दबाव के बीच बेतरतीब पार्किंग समस्या को और बढ़ा रही है। बसों की आवाजाही के दौरान सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात की रफ्तार थम जाती है।
इधर-उधर पार्किंग के कारण यातायात बदहाल
बाइपास रोड पर भी इधर-उधर पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जिस मार्ग का इस्तेमाल शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए होना चाहिए, वहां सडक़ के दोनों तरफ कारें और अन्य वाहन पार्क मिलेंगे, जिससे भी हर दिन लंबा जाम लग रहा है। यही कारण है कि पुलिस की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। वाहन चालक जहां जगह मिलती है, वहीं गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इससे सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है और आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। गाडिय़ों टकराती हैं, हादसे होते हैं, मैं-मैं-तू-तू होती है। यातायात पुलिस की नियमित मौजूदगी और प्रभावी निगरानी की कमी भी शॉपिंग करने वालों की नाराजगी का कारण बन रही है। लोगों का सवाल है कि आखिर सडक़ों पर सरेआम नियमों को तोडक़र पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं होती। राहगीर, खरीददार चाहते हैं कि पालमपुर शहर, घुग्गर, न्यू बस स्टैंड और बाइपास रोड पर नियमित ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए। नो पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के चालान किए जाएं और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
