जयराम का दावा, विधानसभा चुनाव भी भाजपा ही जीतेगी
नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के दौरान बोले नेता प्रतिपक्ष
स्टाफ रिपोर्टर — आनी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपनी नाकामी की पूरी जानकारी थी, इसीलिए वह पंचायत चुनाव नहीं करवाना चाहती थी, लेकिन हमने सरकार को चुनाव करवाने के लिए विवश किया। चुनाव में प्रदेश के लोगों का हमें भरपूर प्यार मिला और कांग्रेस भरमौर से लेकर सिरमौर तक साफ हो गई। कांग्रेस की विधानसभा में और भी दुर्गति होने वाली है। आनी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अपनों की पीड़ा कम करने का सुख ही अलग होता है। हमने लोगों से ही नहीं, बल्कि खुद से भी यह वादा किया था कि जब हमें मौका मिलेगा, हम अपने लोगों की पीठ का बोझ उतारने के लिए जी-जान लगा देंगे। हमने कोशिश की और उसमें सफलता मिली। कोविड के बावजूद हमने सडक़ बनाने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर अपनी सरकार की शुरुआत की थी। हर बुजुर्ग को पेंशन मिले, यह कोशिश मैंने अपनी पहली कैबिनेट में की थी, लेकिन व्यवस्था परिवर्तन वाली कांग्रेस सरकार ने अपना कार्यकाल बिना कैबिनेट गठन के ही लोगों के दुख-दर्द बांटने वाले 1000 से ज्यादा संस्थानों को बंद करके शुरू किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ श्रेय लेने की बेसब्री रहती है। बीबीएमबी हो या वाइल्ड फ्लावर हॉल, वे हर जीत का सेहरा अपने सिर बांधते हैं, लेकिन वे भूल जाते हैं कि बीबीएमबी की फाइनल जीत 2011 में धूमल की सरकार में हो गई थी और वाइल्ड फ्लावर हॉल की जीत अक्तूबर, 2022 में हुई थी, जबकि सुक्खू उसके दो महीने बाद मुख्यमंत्री बने थे। सुंदर सिंह ठाकुर पर चुटकी लेते हुए जयराम ने कहा कि एक मित्र के नाते मुख्यमंत्री ने उनके साथ जो किया, वह किसी के साथ न हों। मुख्यमंत्री को एक साल बाद याद आया कि उनके ग्रह खराब हैं। अब सुंदर सिंह को साफ शब्दों में कह देना चाहिए कि उन्हें मंत्री नहीं बनना। जयराम ने कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल उठाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
