लवी मेला: सदियों पुरानी भारत-तिब्बत व्यापारिक परंपरा का प्रतीक
राजा केहर सिंह के शासनकाल में बुशहर और तिब्बत के बीच हुए समझौते से जुड़ा है मेले का इतिहास, चामुर्थी घोड़ों का व्यापार आज भी आकर्षण
वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर
शिमला से करीब 130 किलोमीटर दूर सतलुज नदी के किनारे बसा रामपुर बुशहर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक दृष्टि से विशेष पहचान रखता है। कभी बुशहर रियासत की शीतकालीन राजधानी रहा रामपुर आज अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हर वर्ष 11 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह मेला सदियों पुरानी भारत-तिब्बत व्यापारिक परंपरा, आपसी सौहार्द और हिमालयी संस्कृति का प्रतीक है। लवी मेले की शुरुआत बुशहर रियासत के राजा केहर सिंह (1639-1696) के शासनकाल से मानी जाती है। इतिहास के अनुसार, उस समय बुशहर और तिब्बत के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने के लिए उत्तरी गुगे क्षेत्र के नमग्या में समझौता हुआ था। इसमें दोनों राज्यों के व्यापारियों, राजदूतों और संदेशवाहकों को बिना बाधा व्यापार और आवागमन की स्वतंत्रता देने पर सहमति बनी थी। इसी समझौते को लवी मेले की व्यापारिक परंपरा का आधार माना जाता है। लवी मेला अब केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि हिमालयी क्षेत्रों की सांस्कृतिक एकता, खानपान, हस्तशिल्प और पारंपरिक जीवनशैली को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख आयोजन बन चुका है। व्यापारिक मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मंडी के रूप में पहचान
बुशहर और तिब्बत के बीच व्यापार ढऩे के साथ रामपुर किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र बन गया। वर्ष 1959 में तिब्बत पर चीन के कब्जे के बाद पारंपरिक विदेशी व्यापार प्रभावित हुआ। हालांकि, वर्ष 1994 में भारत और चीन के बीच बातचीत के बाद शिपकी ला दर्रे को व्यापार के लिए दोबारा खोलने की व्यवस्था हुई। आज भी लवी मेले में व्यापारी अपने उत्पादों के साथ पहुंचते हैं।
ऊन और हस्तशिल्प उत्पादों की रहती है मांग
लवी मेले में बुशहर और किन्नौर के ऊनी वस्त्र, गलिचे, नमदे, दोरू, पारंपरिक टोपियां और गर्म पट्टियां विशेष आकर्षण रहती हैं। कड़ाके की सर्दी में उपयोगी इन उत्पादों की खरीदारी के लिए दूरदराज के क्षेत्रों से लोग पहुंचते हैं। मेले से स्थानीय कारीगरों, दस्तकारों और व्यापारियों को रोजगार तथा आजीविका का बड़ा मंच मिलता है।
चामुर्थी घोड़े मेले की खास पहचान
लवी मेले की पहचान चामुर्थी घोड़ों के व्यापार से भी जुड़ी है। किन्नौर की हंगरंग तहसील, पिन घाटी और स्पीति क्षेत्र में पाले जाने वाले इन घोड़ों को दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर चलने के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। पुराने समय में तिब्बत, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के लोग व्यापार और आवागमन के लिए इनका इस्तेमाल करते थे। आज भी उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों से व्यापारी इनकी खरीद-फरोख्त के लिए पहुंचते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
