बीबीएन में एक और गोलीकांड…लोगों में दहशत
एक महीने से भी कम समय में फायरिंग की चार वारदातें, आखिर कहां से पहुंच रहे अपराधियों तक हथियार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में लगातार हो रही फायरिंग की वारदातों ने आम लोगों के साथ कारोबारियों और उद्यमियों की चिंता बढ़ा दी है। एक महीने से भी कम समय में गोलीबारी की चार वारदातें सामने आने के बाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की आमद भी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। अपराधियों के हाथों में आसानी से हथियार पहुंचने की आशंका ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी फिरौती के लिए कारोबारियों के प्रतिष्ठानों के बाहर गोलियां बरसाई जा रही हैं तो अब आपसी जमीनी विवाद में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। मंगलवार को नालागढ़ में करीब 27 वर्षीय युवक द्वारा 58 वर्षीय व्यक्ति को तीन गोलियां मारने की वारदात ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अपराधियों तक हथियार कहां से और किन माध्यमों से पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि अक्तूबर माह में नालागढ़ क्षेत्र में महज 11 दिनों के भीतर फायरिंग की तीन वारदातें सामने आई थीं।
सबसे पहले 14.15 अक्टूबर की रात बूटा पलासी में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने हवाई फायरिंग की थी। इसके बाद 24-25 अक्तूबर की रात इसी क्षेत्र में दोबारा गोलियां चलाई गईं। हमलावरों ने एक फॉच्र्यूनर गाड़ी को निशाना बनाया था। इसके अगले ही दिन गोल जमाला में एक स्क्रैप कारोबारी के प्रतिष्ठान के बाहर नकाबपोश हमलावरों ने पांच गोलियां दागी थीं। हालांकि बद्दी पुलिस ने इन फायरिंग की घटनाओं की जांच करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से पिस्टल कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया था। इसके बावजूद मंगलवार को नालागढ़ में हुई फायरिंग की नई वारदात ने एक बार फिर अवैध हथियारों की उपलब्धता और उनकी सप्लाई के नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हथियारों के इस्तेमाल की घटनाओं को देखते हुए इनकी आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
27 वर्षीय युवक पर फायरिंग का आरोप
नालागढ़ में मंगलवार को हुई फायरिंग की वारदात के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। करीब 27 वर्षीय आरोपी साहिल पर 58 वर्षीय मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू को तीन गोलियां मारने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा थाए जिसने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। पुलिस जमीनी विवाद सहित घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि इस मामले का पूर्व में हुई फिरौती से जुड़ी फायरिंग की घटनाओं से कोई संबंध अभी सामने नहीं आया है।
पिस्तौल थी या देशी कट्टा, फोरेंसिक जांच से खुलेंगे राज
नालागढ़ में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार पिस्टल था या देसी कट्टाए इसे लेकर भी पुलिस की जांच जारी है। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में हमलावर के हाथ में कट्टा या पिस्टल होने की बात कही है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की है। पुलिस हथियार की पहचान के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया था। आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी से इस संबंध में अहम जानकारी सामने आ सकती है।
आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में पूर्व में हुई फायरिंग की वारदातों को पुलिस ने सुलझाया है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। हाल ही में नालागढ़ के बूटा पलासी और गोल जमाला में हुई फायरिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंगस्टरों से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एसपी ने बताया कि नालागढ़ में मंगलवार को हुई फायरिंग के मामले में भी आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। हमलावर जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।
अवैध हथियारों की सप्लाई पर शिकंजा कसना बड़ी चुनौती
औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने हथियारों की अवैध खरीद-फरोख्त और सप्लाई की आशंका को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर पंजाब और हरियाणा की सीमाओं से सटे बीबीएन क्षेत्र में हथियारों की आवाजाही रोकना सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि ताजा वारदात में इस्तेमाल हथियार का स्रोत अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस के सामने गोलीबारी करने वाले आरोपी को पकडऩे के साथ हथियार उपलब्ध करवाने वालों तक पहुंचने की भी चुनौती है। लगातार हो रही वारदातों के बीच आम लोगों और कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हथियारों की अवैध सप्लाई पर प्रभावी अंकुश लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
इस साल आठ बार चली गोलियां, एक बार फायरिंग का प्रयास
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में इस साल गोलीबारी की कम से कम आठ वारदातें सामने आ चुकी हैं, जबकि एक मामले में फायरिंग का प्रयास नाकाम रहा था। 24 जनवरी को बोदला में शादी समारोह के दौरान गोली लगने से छह वर्षीय बच्ची घायल हुई थी। इसके बाद 17 फरवरी को नंगलए 28 फरवरी को मखनूमाजरा और 17 मार्च को नालागढ़ के वार्ड नंबर दो में फायरिंग की घटनाएं सामने आईं। 10 अगस्त को नालागढ़ में फायरिंग के प्रयास का मामला सामने आया था। इसके बाद 14 अक्टूबर को बूटा पलासी में गोलीबारी हुईए जबकि 24 अक्टूबर को इसी क्षेत्र में दोबारा गोलियां चलीं। 25 अक्टूबर को गोल जमाला में स्कै्रप कारोबारी के प्रतिष्ठान के बाहर पांच राउंड फायरिंग की गई। अब 10 नवंबर को नालागढ़ में 58 वर्षीय व्यक्ति को तीन गोलियां मारने की घटना सामने आई है।
बरोटीवाला से 17 साल की किशोरी लापता
बीबीएन। बरोटीवाला के बुरावाला गांव से 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। झारखंड निवासी संगीता देवी ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी पांच अक्टूबर को घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश कीए लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। एक युवक पर बेटी को भगाकर ले जाने का संदेह जताया है। महिला थाना बद्दी ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेलने निकली छह साल की बच्ची गायब
बीबीएन। बद्दी के थाना गांव में छह वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश निवासी किशनपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी रुचि नौ नवंबर को सुबह करीब 11 बजे कमरे से खेलने के लिए बाहर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश कीए लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। बच्ची ने गुलाबी टी-शर्ट और काले रंग का प्लाजो पहना हुआ था। बद्दी पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
