धर्मपुर में बिना जेई के कामकाज ठप
जलशक्ति विभाग में कर्मचारियों के चार पद रिक्त होने के कारण लोगों को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
निजी संवाददाता-कसौली
कसौली उपमंडल के अंतर्गत जलशक्ति विभाग मंडल धर्मपुर में कनिष्ठ अभियंताओं के पद रिक्त होने के कारण पेयजल योजनाओं से संबंधित विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विभाग में कर्मचारियों की कमी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। स्थिति यह है कि एक ही कनिष्ठ अभियंता को पांच पदों का कार्यभार संभालना पड़ रहा है, जिससे विभागीय कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करना कठिन हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जलशक्ति विभाग धर्मपुर मंडल में कनिष्ठ अभियंताओं के चार पद रिक्त चल रहे हैं। इन पदों का अतिरिक्त कार्यभार एक ही कनिष्ठ अभियंता को सौंपे जाने से पेयजल योजनाओं के प्राक्कलन तैयार करने, निर्माण कार्यों की निगरानी करने तथा तकनीकी निरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में देरी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत, पुरानी पाइपलाइनों को बदलने, जल भंडारण टैंकों के निर्माण तथा नई पेयजल योजनाओं के विस्तार की आवश्यकता है। तकनीकी कर्मचारियों की कमी के कारण इन कार्यों के प्राक्कलन समय पर तैयार नहीं हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
जलशक्ति विभाग जैसी महत्वपूर्ण जनसेवा से जुड़ी व्यवस्था में तकनीकी कर्मचारियों के पद लंबे समय तक खाली रहना चिंता का विषय है। पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी आवश्यकता है और इससे संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए। लोगों ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा जलशक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि धर्मपुर मंडल में कनिष्ठ अभियंताओं के सभी रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। इसके अतिरिक्त जब तक नियमित नियुक्तियां नहीं होतीं, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि लंबित पेयजल योजनाओं के प्राक्कलन तैयार किए जा सकें और विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाने से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ विभागीय कार्यों में आ रही बाधाओं को भी दूर किया जा सकेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
