सडक़ों की मरम्मत को सिर्फ नौ फीसदी बजट
बरसात के दौरान नालागढ़ मंडल में सात करोड़ का आंका गया नुकसान, पहले चरण में महज 65 लाख रुपए जारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
बरसात के दौरान सडक़ों को हुए भारी नुकसान के बाद उनकी मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को नाममात्र का बजट मिला है। नालागढ़ मंडल के तहत आने वाली सडक़ों को इस बार मानसून में करीब सात करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है, लेकिन मरम्मत कार्यों के लिए पहले चरण में महज 65 लाख रुपए ही जारी हुए हैं। यानी कुल नुकसान के मुकाबले विभाग को अभी तक केवल नौ फीसदी बजट मिल पाया है। ऐसे में नालागढ़, दून और अर्की विधानसभा क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सडक़ों को दुरुस्त करना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। विभाग को शेष मरम्मत कार्यों के लिए दूसरे चरण की धनराशि का इंतजार है। इस बार मानसून के दौरान हुई भारी बारिश ने नालागढ़ उपमंडल के सडक़ नेटवर्क को खासा नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर सडक़ों की टायरिंग उखड़ गई, तो कहीं पानी के तेज बहाव से सडक़ किनारे क्षतिग्रस्त हो गए। लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण करने के बाद करीब सात करोड़ रुपये के नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी थी।
इसके एवज में प्रथम चरण में केवल 65 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। लोक निर्माण विभाग नालागढ़ मंडल के अधीन नालागढ़, दून और अर्की विधानसभा क्षेत्रों की सडक़ें आती हैं। इनमें पनोह-बारियां-अल्योन मार्ग, सरसा ब्रिज, नालागढ़-बवासनी मार्ग, ढेरोवाल-मगनपुरा मार्ग, नालागढ़-भरतगढ़ मार्ग, राजपुरा-निचली ढांग सडक़, मस्तानपुरा-कोटला-कुंडलू मार्ग, नालागढ़-रामशहर मार्ग और दभोटा सहित कई अन्य सडक़ें शामिल हैं। इन मार्गों पर अलग-अलग स्थानों पर बारिश से नुकसान हुआ है। वहीं, बरसात समाप्त होने के बाद अब क्षतिग्रस्त सडक़ों को दुरुस्त करने की चुनौती है। सात करोड़ रुपये के नुकसान के मुकाबले 65 लाख रुपये मिलने से विभाग को करीब छह करोड़ 35 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि की जरूरत है। ऐसे में दूसरे चरण में मिलने वाले बजट से ही शेष मरम्मत कार्यों को गति मिल पाएगी।
दूसरे चरण में जल्द मिलेगी राशि
लोक निर्माण विभाग नालागढ़ मंडल के अधिशासी अभियंता परवरसर सिंह ने बताया कि इस बार बरसात के दौरान विभाग के अधीन आने वाली सडक़ों को करीब सात करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी, जिसके बाद प्रथम चरण में 65 लाख रुपए की धनराशि प्राप्त हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दूसरे चरण की राशि भी जल्द मिल जाएगी, जिसके बाद क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
