शादी से पहले क्यों चुराए अपने गहने, जांच तेज
भराड़ी में 16 लाख के जेवर और कैश लेकर भागी लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार
निजी संवाददाता-भराड़ी
शादी की तैयारियों के बीच घर में रखे लाखों रुपए के गहने और नकदी गायब होने से परिवार में हडक़ंप मच गया। युवक से शादी के लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से लाई गई युवती कथित तौर पर अपनी होने वाली ननद के घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गई। मामले में भराड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग युवती को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से तलाश कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 14.85 लाख रुपए कीमत के चोरीशुदा आभूषण और 80 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार भराड़ी थाना क्षेत्र के गांव घरल्याण (हटवाड़) में एक युवक की शादी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली युवती से तय हुई थी। शादी को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि युवक और युवती ने जगाधरी में शादी से संबंधित दस्तावेज भी तैयार करवाए थे।
इसके बाद युवक युवती को अपने घर ले आया। परिवार की ओर से विवाह की रस्में स्थानीय रीति-रिवाज के अनुसार करवाने की तैयारियां की जा रही थीं। इसी बीच युवती को युवक की बहन के घर हटवाड़ क्षेत्र में ठहराया गया था। परिवार में शादी को लेकर उत्साह का माहौल था और छह नवंबर को विवाह की रस्में पूरी करने की तैयारी थी। लेकिन इससे पहले ही चार नवंबर को युवती अचानक घर से गायब हो गई। जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह कहीं नहीं मिली। इसके बाद संगीता कुमारी निवासी गांव घरल्याण (हटवाड़) ने छह नवंबर को पुलिस थाना भराड़ी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में घर से करीब 14.85 लाख रुपए कीमत के गहने और नकदी चोरी होने की जानकारी दी गई। भराड़ी पुलिस टीम ने आरोपी नाबालिग युवती का पता लगाते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दबिश दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
