600 KM सफर कर नेपाल से कांगड़ा पहुंचा सफेद पीठ वाला गिद्ध
सुनील दत्त—जवाली
नेपाल से करीब 600 किलोमीटर की दूरी को अपने पंखों से नापते हुए सफेद पीठ वाला दुर्लभ प्रजाति का गिद्ध पौंग झील पहुंचा है। गिद्ध को नेपाल में शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान में 16 मार्च, 2026 को पकडक़र नेपाल के राष्ट्रीय उद्यान एवं वन्य जीव संरक्षण विभाग, बर्ड कंजरवेशन नेपाल, रॉयल सोसायटी फॉर दि प्रोटेक्शन ऑफ बड्र्स की संयुक्त टीम द्वारा इसके शरीर पर सेटेलाइट ट्रांसमीटर लगाया गया था तथा इसकी टांग पर लाल रंग की रिंग पहचान के लिए डाली गई थी, ताकि इसके आगम के रास्ते व गतिविधियों पर विशेषज्ञ नजर रख सकें।
ट्रांसमीटर लगाए जाने के बाद गिद्ध करीब दो सप्ताह तक नेपाल के शुक्लाफांटा और आसपास के इलाकों में रहा। इसके बाद उत्तराखंड की तरफ बढ़ा और अप्रैल, 2026 के बीच हिमाचल प्रदेश पहुंच गया। तब से यह झील के 45 किलोमीटर के दायरे के आसपास सक्रिय है। गिद्ध जीव विज्ञानी डॉक्टर माल्याश्री भट्टाचार्य अनुसार इस गिद्ध ने झील में अपना एक साथी भी बना लिया है। चार नवंबर, 2026 को इसे एक अन्य गिद्ध के साथ घोंसले में बैठे देखा गया। सफेद पीठ वाले गिद्धों के प्रजनन के लिए कांगड़ा घाटी महत्वपूर्ण प्रजनन क्षेत्र है। यहां के पुराने व घने पेड़ इनके घोंसलों के लिए सुरक्षित हैं। पशुओं के इलाज में इस्तेमाल होने वाली जहरीली दवाइयां गिद्धों के लिए घातक सिद्ध हो रही हैं। गिद्धों की दिनोंदिन घटती संख्या चिंता का विषय बनी हुई है। नेपाल और भारत को मिलकर इन पक्षियों को बचाने के लिए काम करना होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
