फाजिल्का-फिरोजपुर मार्ग पर पिकअप और क्रूजर की टक्कर, 3 बच्चों समेत 5 की मौत, 11 घायल
फाजिल्का। पंजाब के फाजिल्का-फिरोजपुर राजमार्ग पर गांव थेह कलंदर के निकट रविवार रात पिकअप और क्रूजर वाहन की भिडंत में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और वाहन का चालक भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालाबाद क्षेत्र के गांव टिवाणा का एक परिवार फाजिल्का जिले के गांव करणीखेड़ा में शादी समारोह में शामिल होने के बाद क्रूजर वाहन से घर लौट रहा था। कल रात करीब आठ बजे गांव थेह कलंदर के पास वाहन की सामने से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मेडिकल अधिकारी डॉ. अमित राज लांबा के अनुसार, हादसे के बाद कुल 16 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें पांच की मौत हो चुकी थी और 11 घायल थे। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में भेजा गया।
मृतकों की पहचान देसो बाई, सचिन, जॉन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है। हादसे में घायल संदीप सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी अचानक हुई कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया। सड़क पर लोगों को घायल अवस्था में पड़ा देखने के बाद हादसे की गंभीरता का पता चला। घटना की जानकारी मिलने पर फाजिल्का के विधायक नरेंद्र पाल सिंह और जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
