डलहौजी में बताई पत्रकारिता की अहमियत

By: Nov 17th, 2026 12:01 am

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सजा कार्यक्रम, एसडीएम अनिल भारद्वाज रहे मुख्यातिथि

स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में डलहौजी प्रेस क्लब की ओर से यूथ हॉस्टल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि डीएसपी मयंक शर्मा गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। यूथ हॉस्टल के प्रबंधक देवेंद्र शर्मा और यातायात प्रभारी बिशंभर सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। एसडीएम अनिल भारद्वाज ने डलहौजी प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और समस्त मीडिया कर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। समाज को सही और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध करवाने, आमजन की समस्याओं और आवाज को प्रमुखता से उठाने तथा सरकारी एवं अन्य संस्थानों को जवाबदेह बनाने में मीडिया की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम भी है। ऐसे में मीडिया से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारिता के उच्च आदर्शों और जिम्मेदार रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देते हुए जनता का विश्वास कायम रखे। डीएसपी मयंक शर्मा ने भी मीडिया की सामाजिक भूमिका और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान डलहौजी प्रेस क्लब की ओर से मुख्यातिथि एसडीएम अनिल भारद्वाज सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App