100 रुपए किलो तक बिक रहा मटर

By: Nov 17th, 2026 12:01 am

लोकल सब्जियों की आवक बढ़ी; लोअर बाजार में मटर के दाम गिरे, साग-पालक और मेथी की मांग बढ़ी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला की लोअर बाजार सब्जी मंडी में लोकल सब्जियों की आवक बढऩे से दामों में गिरावट आने लगी है। ठंड का मौसम शुरू होते ही बाजार में सर्दियों की सीजनल सब्जियां पहुंचने लगी हैं। इनमें साग, पालक और मेथी लोगों की पहली पसंद बनी हुई हैं। स्थानीय क्षेत्रों से ताजी सब्जियां मंडी में पहुंचने से ग्राहकों को भी राहत मिल रही है। मटर की आवक बढऩे का असर इसके दामों पर साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को मंडी में मटर 100 रुपए प्रति किलो तक बिका। थोक में इसके भाव 60 से 70 रुपए प्रति किलो रहे, जबकि दुकानों में गुणवत्ता के आधार पर 60 से 100 रुपए तक कीमत वसूली गई। अच्छी गुणवत्ता वाला मटर अधिक दाम पर बिका। लोअर बाजार मंडी के थोक विक्रेता नंद लाल ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ समय के मुकाबले मटर की उपलब्धता बढ़ी है, जिससे कीमतों में नरमी आई है। मटर के साथ फूलगोभी के दाम भी 40 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं, ठंड बढऩे के साथ हरी पत्तेदार सब्जियों की मांग में तेजी आई है। बाजार में साग, पालक और मेथी की अच्छी मांग बनी हुई है। मंडी प्रधान विश्वेश्वर नाथ ने बताया कि मटर की आवक बढऩे से दाम गिरे हैं। आने वाले दिनों में पंजाब से सप्लाई शुरू होने पर कीमतों में और गिरावट आने की उम्मीद है। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App