शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, जानें कब से शुरू होंगे पेपर
आठवीं की परीक्षाएं नौ दिसंबर से तीसरी और पांचवीं की 14 से
नगर संवाददाता — धर्मशाला
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि तीसरी और पांचवीं कक्षाओं की परीक्षाएं 14 से 18 दिसंबर तक, जबकि आठवीं कक्षा की परीक्षाएं नौ से 19 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षाएं प्रात:कालीन सत्र में सुबह 9:45 बजे से दोपहर एक बजे तक होंगी। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए बोर्ड की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्धारित समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। डा. शर्मा ने बताया कि परीक्षाओं की विस्तृत डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। विद्यालयों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से वेबसाइट पर डेटशीट देखने और उसके अनुसार तैयारी करने का आग्रह किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
