पंजाब में दस लाख नए राशन कार्ड, CM भगवंत मान ने दी सौगात, मुफ्त खाद्य किट भी सौंपेंगे

By: Nov 18th, 2026 12:08 am

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दी सौगात, मेरी रसोई योजना की मुफ्त खाद्य किट भी सौंपेंगे

निजी संवाददाता — फिरोजपुर

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को जरूरतमंद परिवारों के लिए 10 लाख नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने की घोषण की। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से ‘न नकद, न सिफारिश‘ के सिद्धांत पर पूरी की गई है। नए लाभार्थियों को हर महीने पांच किलो मुफ्त गेहूं के साथ ‘मेरी रसोई‘ योजना के तहत दाल, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों के तेल वाली राशन किट भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए राशन कार्ड लाभार्थियों के घरों तक पहुंचाए जाएंगे, ताकि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने बताया कि विधवाओं, दिहाड़ी मजदूरों, अनुसूचित जाति के परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को इस पहल के प्रमुख लाभार्थियों में शामिल हैं।

श्री मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स‘ पर कहा कि लाभार्थी अपने मोबाइल फोन पर मिले संदेश को दिखाकर राशन डिपो से किट प्राप्त कर सकते हैं। मुफ्त गेहूं का लाभ लेने के लिए उन्हें ई-केवाईसी भी पूरी करनी होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए 1.48 करोड़ राशन कार्ड आबंटित किए थे, जिनमें से विभिन्न कारणों से करीब 10 लाख कार्ड रद्द कर दिए गए थे। उन्होंने कहा कि इन परिवारों को उनका हक दिलाने के लिए राज्य सरकार ने 10 लाख नए राशन कार्ड जारी करने का फैसला किया है। उन्होंने दावा किया कि पहले की व्यवस्था में राजनीतिक पहुंच रखने वाले लोगों को प्राथमिकता मिलती थी, जबकि विधवाओं, नियमित आय के साधन से वंचित परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राशन कार्ड हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई प्रक्रिया में पात्र परिवारों का चयन पारदर्शी तरीके से किया गया है।

श्री मान ने बताया कि गलत पते की जानकारी देने वाले करीब 1.25 लाख लोगों को भी अपने आवेदन में सुधार करने का अवसर दिया जाएगा। इससे उनकी पात्रता का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ देने पर विचार किया जा सकेगा। उन्होंने पात्र परिवारों से आवेदन में मौजूद त्रुटियां ठीक करने की अपील की। इस प्रक्रिया में सिफारिशों की भूमिका समाप्त करने का प्रयास किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App