इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खामियां ही अब बनेंगी उनकी ताकत, IIT मंडी के वैज्ञानिकों ने खोजा कमाल का तरीका
आईआईटी मंडी के होनहार वैज्ञानिकों ने खोजा कमाल का तरीका, अत्यधिक पतली सामग्री से विकसित की जाएगी नई पीढ़ी की मेमरी तकनीक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में छोटी-छोटी खामियों को अब कमजोरी नहीं, बल्कि उनकी ताकत बनाया जा सकेगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के शोधकर्ताओं ने एक ऐसा महत्त्वपूर्ण शोध किया है, जिसमें अति पतली सामग्री के भीतर मौजूद सूक्ष्म दरारों और परमाणुओं की कमी का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए किया गया है। इस खोज से भविष्य में ऐसे कम्प्यूटर और मेमरी उपकरण विकसित करने का रास्ता खुल सकता है, जो मानव मस्तिष्क की तरह सूचनाओं को समझने, याद रखने और उन पर प्रतिक्रिया देने में सक्षम होंगे। खास बात यह है कि ऐसी तकनीक से कम बिजली खर्च करके भी जटिल कम्प्यूटिंग कार्य किए जा सकेंगे। शोधकर्ताओं के अनुसार, आमतौर पर किसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री में दरार या परमाणुओं की कमी को निर्माण प्रक्रिया की खामी माना जाता है, लेकिन आईआईटी मंडी की टीम ने दिखाया है कि यदि इन खामियों को सही तरीके से नियंत्रित किया जाए, तो इन्हीं की मदद से एक छोटे से उपकरण में बिजली के प्रवाह को अलग-अलग तरीकों से नियंत्रित किया जा सकता है। हालांकि, इस तकनीक को आम इस्तेमाल में लाने से पहले कुछ चुनौतियों पर काम करना होगा।
यह शोध प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका एडवांस्ड फंक्शनल मैटेरियल्स में प्रकाशित हुआ है। शोध ने यह नई सोच सामने रखी है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने के दौरान पैदा होने वाली हर खामी नुकसानदायक नहीं होती। सही वैज्ञानिक तरीके से उनका इस्तेमाल किया जाए, तो वही खामियां भविष्य की अधिक स्मार्ट, छोटी और कम बिजली खर्च करने वाली तकनीक का आधार बन सकती हैं। इस शोध में वैज्ञानिकों ने टंगस्टन डाइसल्फाइड नामक परमाणु स्तर पर पतली सामग्री का अध्ययन किया है। शोध का नेतृत्व आईआईटी मंडी के प्रोफेसर विश्वनाथ बालकृष्णन ने किया। टीम में अंजलि शर्मा, यदु चंद्रन और भूमित लुहार शामिल रहे। वैज्ञानिकों ने रासायनिक वाष्प निक्षेपण तकनीक से तैयार सामग्री पर प्रयोग किए और देखा कि उसमें मौजूद दरारें तथा परमाणुओं की रिक्त जगहें बिजली के प्रवाह को किस तरह प्रभावित करती हैं। पता चला कि सामग्री के भीतर मौजूद सूक्ष्म दरारों और परमाणुओं की रिक्त जगहों के कारण बिजली के गुजरने के छोटे रास्ते बन सकते हैं। वहीं, धातु और सामग्री के संपर्क वाले हिस्से पर बिजली के आवेश जमा होने से भी प्रवाह को नियंत्रित किया जा सकता है। इन दोनों प्रक्रियाओं के कारण एक ही उपकरण में बिजली के प्रवाह को कई तरीकों से बदला जा सकता है।
मानव मस्तिष्क की तरह काम कर सकेंगे कम्प्यूटर
इस शोध की सबसे बड़ी खासियत इसका भविष्य में मस्तिष्क से प्रेरित कम्प्यूटिंग में इस्तेमाल होना है। मानव मस्तिष्क में लाखों-करोड़ों तंत्रिका कोशिकाएं एक-दूसरे से जुड़ी होती हैं। इनके बीच संपर्क मजबूत या कमजोर होने से हमारा दिमाग नई बातें सीखता है और पुरानी जानकारियों को याद रखता है। इसी तरह वैज्ञानिक ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विकसित करना चाहते हैं, जो मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की तरह काम कर सकें। इसका मतलब है कि भविष्य में कम्प्यूटर केवल जानकारी को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कुछ कार्यों में जानकारी को अपने भीतर ही संग्रहित और संसाधित भी कर सकेंगे। इससे कम्प्यूटरों को बार-बार अलग-अलग मेमरी और प्रोसेसिंग इकाइयों के बीच डाटा भेजने की जरूरत कम हो सकती है।
कम बिजली में काम करेगी कृत्रिम बुद्धिमत्ता
इस शोध का लाभ भविष्य की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक में भी देखने को मिल सकता है। वर्तमान में बड़ी कम्प्यूटिंग प्रणालियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े कार्यों में काफी बिजली खर्च होती है। ऐसे में कम ऊर्जा में काम करने वाले छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विकसित करना बड़ी जरूरत बन गया है। आईआईटी मंडी की इस तकनीक से भविष्य में ऐसे स्मार्ट सेंसर बनाए जा सकते हैं, जो आसपास की गतिविधियों को पहचानने और उनका विश्लेषण करने का काम खुद कर सकेंगे। उन्हें हर छोटी जानकारी के लिए दूर स्थित कम्प्यूटर सर्वर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे बिजली की बचत के साथ प्रतिक्रिया देने की गति भी बढ़ सकती है। इसके अलावा स्वास्थ्य की निगरानी करने वाले उपकरणों, स्मार्ट घडिय़ों, रोबोट, पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक्स और औद्योगिक मशीनों में भी इसका इस्तेमाल संभव है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
