बनिये श्रवण कुमार…

By: Nov 19th, 2026 12:06 am

हम किसी को तीर्थ पर नहीं ले जाते, बस किसी की कठिन घड़ी में थोड़ा समय देते हैं। हम सब अपने जीवन में किसी न किसी के लिए श्रवण कुमार बन सकते हैं। हम सुनेंगे तो सामने वाला बोलेगा, वह बोलेगा तो मन हल्का होगा, मन हल्का होगा तो शायद जीवन फिर थोड़ा सहज लगेगा। सच यही है कि सेवा हमेशा हाथों से नहीं होती, कभी-कभी सेवा कानों से भी होती है। एक श्रवण कुमार वह था जो अपने माता-पिता को तीर्थ ले गया। आज हम किसी टूटे हुए मन को कुछ देर अपने ध्यान का तीर्थ दे दें, तो श्रवण की इस क्रिया के कारण हम भी श्रवण कुमार हो गए। न हमें कुछ कहना है, न कुछ सिखाना है, न कोई चमत्कार करना है। कभी-कभी केवल सुन लेना ही पर्याप्त होता है। तो फिर, आइये, बनते हैं श्रवण कुमार। शायद हमारे दो कान किसी और के जीवन में फिर से संगीत भर दें…

कभी-कभी किसी मनुष्य को हमारी सलाह नहीं चाहिए होती, उसे केवल हमारे कान चाहिए होते हैं। उसे समाधान नहीं चाहिए होता, वह केवल इतना चाहता है कि कोई उसकी पूरी बात सुन ले। वह रो रहा हो तो हम तुरंत उसके आंसू पोंछने न लगें, वह दुख कह रहा हो तो बीच में अपनी कहानी न शुरू कर दें, वह उलझन बता रहा हो तो तुरंत ज्ञान बांटने न लगें। हम बस सुनें, पूरे मन से, पूरी सजगता से। शायद किसी दुखी मनुष्य के लिए इससे बड़ी राहत उस क्षण कोई और नहीं हो सकती। हमारी स्मृतियों में श्रवण कुमार का नाम आते ही एक पुत्र की छवि उभरती है, वह युवक जो अपने अंधे माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर तीर्थयात्रा पर ले जा रहा था और एक गलतफहमी में राजा दशरथ के हाथों मारा गया। वह कथा युगों पुरानी है, लेकिन उसके भीतर छिपा एक शब्द आज भी उतना ही जीवंत है- श्रवण। श्रवण का अर्थ है सुनना। तब श्रवण कुमार अपने माता-पिता की सेवा के लिए जाने गए, आज शायद हम एक दूसरे प्रकार के श्रवण कुमार बन सकते हैं, जो लोगों की बातें सुनकर उनके मन का बोझ हल्का करे। हमारे आसपास कितने लोग हैं जो कुछ बताना चाहते हैं, मन की भड़ास निकालना चाहते हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं मिलता। किसी बुजुर्ग के पास कोई पुरानी बात है जिसे वह फिर से कहना चाहता है। किसी बच्चे के मन में स्कूल की कोई छोटी-सी घटना है जो उसके लिए बहुत बड़ी है। किसी मित्र के जीवन में ऐसी उलझन है जिसे वह किसी के साथ बांटना चाहता है। पति-पत्नी के बीच कोई शिकायत है, लेकिन दोनों अपनी-अपनी बात कहने में इतने व्यस्त हैं कि दूसरे की बात सुन ही नहीं पा रहे। ऐसी बहुत सी स्थितियां हैं। मनोविज्ञान हमें बताता है कि ध्यानपूर्वक सुना जाना व्यक्ति को भावनात्मक रूप से सुरक्षित महसूस करा सकता है।

जब हम बिना टोके और बिना कोई निर्णय सुनाए किसी की बात सुनते हैं, तो सामने वाले को यह अनुभव होता है कि उसकी भावनाएं महत्वहीन नहीं हैं। एक्टिव लिसनिंग, यानी, सजग श्रवण का मूल यही है। सिर्फ शब्द सुनना नहीं, बल्कि सामने वाले की बात, भाव और संदर्भ को समझना। विडंबना यह है कि हम सुनने का दावा तो बहुत करते हैं, लेकिन कई बार हमारा सुनना वास्तव में जवाब देने की तैयारी होता है। वह अपनी समस्या बता रहा है और हम अपना अनुभव सुनाने लगते हैं। वह दुख कह रहा है और हम सलाह देने लगते हैं। वह केवल सुना जाना चाहता था, हम उसे समाधान का पैकेट थमा देते हैं। ऐसे में सबसे सुंदर सहायता यह होती है कि हम कोई सहायता करने की कोशिश ही न करें। तब हम शायद उसके लिए समस्या हल न कर पाएं, लेकिन यदि हमारी वजह से उसके मन का बोझ थोड़ा हल्का हो जाए, तो वह भी कम बड़ी सेवा नहीं है। यही आज के श्रवण कुमार की शुरुआत हो सकती है। किसी के कंधे पर कांवड़ उठाना आवश्यक नहीं, कभी-कभी किसी के मन का बोझ कुछ देर अपने कानों पर उठा लेना भी सेवा बन जाता है। और ऐसी सेवा के लिए न धन चाहिए, न पद, न प्रसिद्धि, केवल समय, धैर्य और मनुष्य के प्रति सच्ची संवेदना चाहिए। किसी को सुनना केवल उसके शब्दों को कानों तक पहुंचने देना नहीं है। हम जब सचमुच सुनते हैं, तो सामने वाले को यह एहसास देते हैं कि ‘तुम मेरे लिए महत्वपूर्ण हो।’ यही कारण है कि कई बार किसी दुखी व्यक्ति को हमारी लंबी सलाह से अधिक राहत हमारी दस मिनट की शांत उपस्थिति से मिलती है। वह अपनी बात कहता जाता है और धीरे-धीरे उसके भीतर जमा हुआ तनाव शब्दों के रास्ते बाहर आने लगता है। इस सजगता से सुनना केवल शिष्टाचार नहीं, मन की देखभाल भी है। हमारे रिश्तों में इसका प्रभाव और भी गहरा है। जब पति पत्नी की बात पूरी सुनता है, माता-पिता बच्चे की बात बिना डांटे सुनते हैं, मित्र मित्र की परेशानी को बिना मजाक बनाए सुनता है, तब रिश्तों में विश्वास बढ़ता है। इसके विपरीत, यदि हर बातचीत में हम मोबाइल देखने लगें, बीच में बोल पड़ें या सामने वाले की बात को ‘तुम हमेशा ऐसा ही करते हो’ कहकर समाप्त कर दें, तो धीरे-धीरे संवाद बंद हो जाता है। कई रिश्तों में दूरी इसलिए नहीं आती कि प्रेम समाप्त हो गया, दूरी इसलिए आती है कि लोगों ने एक-दूसरे को सुनना बंद कर दिया। सुनने की इस कला में एक और सुंदर बात छिपी है कि यह हमें विनम्र बनाती है। हम जब सचमुच सुनते हैं, तो हमें पता चलता है कि हर मनुष्य अपने भीतर एक पूरी कहानी लेकर चल रहा है।

जिस व्यक्ति को हम कठोर समझते थे, उसके पीछे कोई पीड़ा हो सकती है। जो व्यक्ति हमेशा चिड़चिड़ा दिखाई देता है, वह शायद किसी ऐसी परेशानी से गुजर रहा हो जिसके बारे में हमें कुछ पता ही नहीं। इसका अर्थ यह नहीं कि हम हर व्यवहार को उचित ठहरा दें। इसका अर्थ केवल इतना है कि समझ बढऩे पर निर्णय अधिक संतुलित हो जाता है। श्रवण कुमार के इस नए रूप में हम शायद हर समस्या हल नहीं कर सकते, हर दुख मिटा नहीं सकते, लेकिन शायद मन की भड़ास निकल जाने पर बहुत से लोग फिर से जीवंत जीवन जी पाएंगे। यही आज के श्रवण कुमार की पहचान हो सकती है। ऐसे में हम कांवड़ नहीं उठाते, बस किसी के मन का बोझ सुन लेते हैं।

हम किसी को तीर्थ पर नहीं ले जाते, बस किसी की कठिन घड़ी में थोड़ा समय देते हैं। हम सब अपने जीवन में किसी न किसी के लिए श्रवण कुमार बन सकते हैं। हम सुनेंगे तो सामने वाला बोलेगा, वह बोलेगा तो मन हल्का होगा, मन हल्का होगा तो शायद जीवन फिर थोड़ा सहज लगेगा। सच यही है कि सेवा हमेशा हाथों से नहीं होती, कभी-कभी सेवा कानों से भी होती है। एक श्रवण कुमार वह था जो अपने माता-पिता को तीर्थ ले गया। आज हम किसी टूटे हुए मन को कुछ देर अपने ध्यान का तीर्थ दे दें, तो श्रवण की इस क्रिया के कारण हम भी श्रवण कुमार हो गए। न हमें कुछ कहना है, न कुछ सिखाना है, न कोई चमत्कार करना है। कभी-कभी केवल सुन लेना ही पर्याप्त होता है। तो फिर, आइये, बनते हैं श्रवण कुमार। शायद हमारे दो कान किसी और के जीवन में फिर से संगीत भर दें।

स्पिरिचुअल हीलर 

हैपीनेस गुरु, डा. प्रमोद निर्वाण

गिनीज विश्व रिकॉर्ड से सम्मानित लेखक

ई-मेल: indiatotal.features@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App