हिमाचल में रातें हुई ठंडी, तापमान शून्य से नीचे, घरों में कैद हुए लोग, आगे कैसा रहेगा मौसम?
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने के बीच रात की ठंड लगातार बढ़ रही है। लाहुल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। केलांग में भी रात का तापमान माइनस 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में भी सर्दी का असर बढ़ रहा है। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। ऊना जैसे मैदानी इलाकों में दोपहर के समय हल्की गर्मी भी महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 24 नवंबर तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।
इसके बाद यह सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में भी रातें ठंडी हो रही हैं। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से भी नीचे चल रहा है। पालमपुर में यह सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। नाहन में सामान्य के मुकाबले 2.5 डिग्री, मंडी में 2.4 डिग्री और बिलासपुर में 2.0 डिग्री की गिरावट रही। सोलन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री और भुंतर तथा केलांग में 0.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
कहां, कितना तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार लाहुल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में सबसे कम माइनस 4.3, केलांग माइनस 2.1, कल्पा 1.8, सेओबाग 2.6 , मनाली 2.8, बजौरा 3.1, भुंतर 3.8, सोलन 4.8 , बरठीं 5.1, सुंदरनगर 5.6, मंडी 6.3, पालमपुर 6.5 , कुफरी 6.9, बिलासपुर 7.0, शिमला और ऊना ं 7.6, कांगड़ा 7.8, भरमौर 8.0, जुब्बड़हट्टी 9.4 , देहरा गोपीपुर 10.0, नाहन 10.3, धर्मशाला 10.6 ,नेरी 11.6 और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
