शिवसेना शिंदे ने फाड़ी सोनिया की किताब, लगाया यह आरोप
वीर सावरकर और मराठी अस्मिता के अपमान का लगाया आरोप
एजेंसियां — मुंबई
शिवसेना शिंदे गुट ने बुधवार को सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग-अ जर्नी ऑफ लव को बैन करने की मांग की। पार्टी के नेताओं ने मुंबई में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान किताब के पन्नों को फाड़ा। शिवसेना का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। शिवसेना की राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब में सावरकर को हिंदुत्व को लेकर बहिष्कारवादी बताया है। बालासाहेब ठाकरे सावरकर को हिंदुत्व की आत्मा मानते थे। शाइना एनसी ने कहा कि सावरकर ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया और जेल में लंबा समय बिताया। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी को उनके बलिदान पर टिप्पणी करने का अधिकार किसने दिया। शाइना ने आरोप लगाया कि किताब के पेज 201 और 443 में इस्तेमाल किए गए शब्दों से ऐसा चित्र पेश किया गया है, मानो भारत में कोई फासीवादी हिंदू शासन रहा हो।
उन्होंने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से दोनों पन्नों को हटाने की मांग करते हुए कहा कि सावरकर के योगदान और बलिदान को इतिहास से मिटाया नहीं जा सकता।उधर, कांग्रेस की सहयोगी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस और बीआरएस ने भी इस किताब को लेकर नाराजगी जताई है। वाईएसआर कांग्रेस के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने कहा कि सोनिया गांधी वाईआरएस कांग्रेस के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कहा कि सोनिया ने किताब में तेलंगाना का जिक्र तक नहीं किया। सोनिया की किताब 10 नवंबर को बाजार में आ गई थी, हालांकि इसका औपचारिक विमोचन 16 नवंबर को हुआ था।
सोनिया गांधी की किताब की रिकार्ड बिक्री
सोनिया गांधी की नई किताब ने बिक्री के कई रिकार्ड बना दिए हैं। किताब के प्रकाशक हार्पर कॉलिंस इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन ने कहा कि रिलीज के एक हफ्ते से भी कम समय में इसकी दो लाख से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं। अगर दो लाख कॉपियां 1,299 की कीमत पर बिकी हों, तो टोटल 25.98 करोड़ का कारोबार हुआ। अगर रॉयल्टी 15 फीसदी होगी, तो सोनिया गांधी को 3.90 करोड़ मिलेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
