झूठे आरोप लगाए, तो आप पर भी केस करेंगे, मुख्यमंत्री सुक्खू-नेता प्रतिपक्ष जयराम में बहस के बाद टला प्रश्नकाल

By: Nov 19th, 2026 12:07 am

सदन में सीएम का बीजेपी विधायक को जवाब, सुक्खू-जयराम में बहस के बाद टला प्रश्नकाल

राज्य ब्यूरो प्रमुख — धर्मशाला

विधानसभा शीतकालीन सत्र में लगातार दूसरे दिन प्रश्नकाल नहीं हो पाया। भ्रष्टाचार से संबंधित ‘काम रोको’ प्रस्ताव पर सुबह ही चर्चा शुरू हो गई, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर में खूब बहस हुई। सदन शुरू होते ही संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने प्रस्ताव रखा कि नियम 67 के साथ चर्चा से पहले प्रश्नकाल ले लेते हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि यदि विपक्ष अपना नोटिस वापस ले, तो प्रश्नकाल शुरू किया जा सकता है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस प्रस्ताव को नहीं लिया, और कहा कि कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी चाहिए। इसके बाद चर्चा की शुरुआत नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार ने की। उन्होंने पहले लोक निर्माण मंत्री के सामने पीडीएनए के पैसे के दुरुपयोग की आरोप लगाए। इसमें मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि जो भी आरोप आप लगा रहे हैं, उसके कागज दीजिए। जिसने भ्रष्टाचार किया होगा, उसकी सरकार जांच करेगी और यदि झूठे आरोप लगाएंगे, तो आप पर भी केस दर्ज करेंगे। इस पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा विधायकों को ऐसे धमका नहीं सकते। हमें जनता ने उनके मुद्दे उठाने के लिए चुना है।

हम आपकी सरकार के समर्थन के लिए नहीं आए हैं। इसके बाद पेखुबेला सोलर प्रोजेक्ट को लेकर भी दोनों के बीच जोरदार बहस हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से संबंधित सारा रिकॉर्ड वह इसी सदन में रख चुके हैं और अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पेखुबेला एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसमें एक व्यक्ति की जान गई है। दरअसल भाजपा विधायक विनोद कुमार ने हमीरपुर में निर्माण अधीन बस अड्डा परिसर को लेकर कहा कि 37 करोड़ में यह प्रोजेक्ट अवार्ड हुआ था, जबकि खर्र्च अब 200 करोड़ से ऊपर हो गया है। दूसरी तरफ उनके चुनाव क्षेत्र में अटल आदर्श विद्यालय कंप्लीट करने के लिए सरकार ने पैसे नहीं दिए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से भी आग्रह किया कि मल्टीटास्क वर्कर जल शक्ति विभाग में 6000 रुपए में काम कर रहे हैं और वे मानदेय बढ़ाने और शॉर्ट टर्म पॉलिसी की मांग कर रहे हैं। ऐसे में उनकी बात को भी सुना जाए।

लोन पर टकराव; जयराम ठाकुर बोले, गणना गलत

भ्रष्टाचार से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जब भाजपा विधायक विनोद कुमार ने हिमाचल पर एक लाख करोड़ से ज्यादा का लोन चढ़ाने की बात कही तो मुख्यमंत्री सुक्खू ने उसका जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जयराम ठाकुर की सरकार बनी, तो प्रदेश पर 48000 करोड़ का लोन था। जब हमारी सरकार बनी तो लोन 76730 करोड़ का था। इसे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने काउंटर किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के आखिरी वर्ष में जब दिसंबर में नई सरकार बनी तो हमारी सरकार की ही 6000 करोड़ की लोन लिमिट अभी शेष थी। इस लोन को कांग्रेस की सरकार ने उठाया, लेकिन अब 31 मार्च तक के लोन को भाजपा के खाते में डाला जा रहा है, जो गलत है। जो पैसा कांग्रेस सरकार ने इस्तेमाल किया उसके लिए हम जिम्मेदार कैसे है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा की 1 अप्रैल 2022 से लागू बजट 31 मार्च 2023 तक का था। इसलिए लोन की गणना भी वैसे ही होगी।

बीबीएनडीए अब नहीं संभालेगा जिम्मेदारी

राज्य सरकार ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ डिवेलपमेंट अथॉरिटी के कामकाज को लेकर भी बदलाव की बात विधानसभा में कही है। टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी जब भ्रष्टाचार को लेकर विपक्ष द्वारा लाई गई चर्चा में बोल रहे थे, तो उन्होंने कहा कि जो मामला चेंज ऑफ लैंड यूज का सामने आया है, उसको हम बदल रहे हैं। अब बीबीएनडीए इस तरह का काम नहीं करेगा। यह काम टीसीपी विभाग का है और टीसीपी ही औद्योगिक क्षेत्र में भी चेंज ऑफ लैंड यूज संबंधी सर्टिनिफकेट जारी करेगा। उन्होंने वहां मौजूद टीसीपी सचिव को निर्देश दिए कि इस बारे में जरूरी आदेश जारी कर दिए जाएं। भाजपा विधायकों ने औद्योगिक क्षेत्र में सीएलयू सर्टिफिकेट के नाम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App