हनुमान अंश के लिए विशाल चतुर्वेदी को मिला इंडियन ऑफ दि ईयर 2026 अवार्ड

By: Nov 20th, 2026 12:37 pm

मुंबई। फिल्म हनुमान अंश के लेखक, निर्देशक और निर्माता विशाल चतुर्वेदी को फिल्म के निर्माण में उनकी रचनात्मक सोच, मेहनत और योगदान के लिए इंडियन ऑफ द ईयर 2026 सम्मान से नवाजा गया है। विशाल चतुर्वेदी ने इस उपलब्धि को अपनी पूरी टीम और फिल्म से जुड़े सहयोगियों को समर्पित करते हुए कहा कि उनके विश्वास और अथक प्रयासों के बिना इस फिल्म को साकार करना संभव नहीं था। सम्मान समारोह में मंच पर पहुंचते ही विशाल चतुर्वेदी ने सीता राम कहकर अपने संबोधन की शुरुआत की।

उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि हमारे देश में माताओं और बहनों को पहले स्थान दिया जाता है, इसलिए उनके विचार से यह संबोधन अधिक उपयुक्त है। उन्होंने हनुमान अंश के निर्माण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि फिल्म को बनाने का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है। हालांकि, निर्माताओं के विश्वास और पूरी टीम की मेहनत ने इस मुश्किल यात्रा को संभव बनाया। विशाल ने अपने संबोधन में सबसे पहले फिल्म की निर्माताओं रागिनी सोना और नम्रता सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रागिनी सोना ने उनकी रचनात्मक सोच पर भरोसा किया और फिल्म के निर्माण के दौरान उन्हें पूरी स्वतंत्रता दी। एक फिल्मकार के लिए निर्माता का विश्वास बेहद महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा कि जब निर्माता या टीम के सदस्य फिल्मकार के काम में अनावश्यक हस्तक्षेप करते हैं, तो उसकी रचनात्मकता प्रभावित होती है, लेकिन उन्हें इस तरह की परिस्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। इस अवसर पर विशाल ने फिल्म के 25 वर्षीय कार्यकारी निर्माता पीयूष सिंह ठाकुर को भी मंच पर आमंत्रित किया और फिल्म के पहले दिन से उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीयूष के समर्पण और मेहनत के बिना हनुमान अंश का निर्माण संभव नहीं हो पाता। उन्होंने फिल्म के भक्ति गीत मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान को अपनी आवाज देने वाले गायक एवं संगीतकार सुनील लोधी का भी विशेष रूप से आभार जताया। यह गीत फिल्म के शुरुआती लोकप्रिय गीतों में शामिल है और दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुका है। विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म में नीम करौली बाबा महाराज की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्य को भी मंच पर आमंत्रित किया। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और उन सभी सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने अपने परिश्रम, समर्पण और विश्वास से इस परियोजना को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मान प्राप्त करने के अवसर को विशाल चतुर्वेदी ने केवल व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि हनुमान अंश से जुड़े सभी सहयोगियों की सामूहिक सफलता के रूप में प्रस्तुत किया। इंडियन ऑफ द ईयर 2026 का सम्मान उनके फिल्मी सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App