आमरण अनशन से उठा ले गई पुलिस

By: Jan 29th, 2017 12:15 am

पद्धर में युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष अस्पताल में भर्ती

NEWSपद्धर— आमरण अनशन पर बैठे युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल को अनशन के आठवें दिन उपमंडल प्रशासन और पुलिस जबरन अस्पताल ले गई। इस दौरान पद्धर में खूब हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार पुलिस के जवानों ने गिरधारी लाल को उठाने की कोशिश की तो संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। संगठन के कार्यकर्ता उग्र हो गए और पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच में लगभग एक घंटे तक कहासुनी चलती रही। इसी दौरान संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल ने आंदोलन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और प्रशाशन ने स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर के इशारों पर घटनाक्रम को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने और कुचलने के काम स्थानीय विधायक करते रहे हैं, जबकि विधायक की जिम्मेदारी बनती है कि वह क्षेत्र की लोगों की मांगें सुनें और उनका निवारण करें। उन्होंने स्थानीय विधायक को चुनौती देते हुए कहा कि द्रंग में कितना विकास हुआ है इसकी चर्चा वह किसी भी मंच पर करें। इसी बीच पुलिस संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल को एंबुलेंस से अस्पताल ले गई। इसके बाद आक्रोशित जनता ने अस्पताल तक रैली निकालकर अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन जारी रखा। इस मौके पर संगठन के मुख्य सलाहकार रविकांत ने कहा कि यह आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में अगर मांगों का हल नहीं किया जाता है तो संगठन के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगा और सरकार के हर मंत्री व विधायक का घेराव किया जाएगा। इस दौरान जितेंद्र, कमल चौहान, संतोष कुमार, विशाल, राज कुमार, बबलू, मनु, संतोष, अशोक, अच्छर सिंह, रणवीर, महेंद्र, हिमा देवी, कविता, कांता, रेखा व मीना कुमारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App