एक नजर

By: Jan 28th, 2017 12:01 am

अखिलेश से कल मंथन करेंगे राहुल

लखनऊ — कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आगामी 29 जनवरी को अखिलेश यादव और डिंपल यादव से मिलने वाले हैं। इस मुलाकात के बाद सपा और कांग्रेस के बीच तमाम बातें स्पष्ट हो जाएंगी और विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों पार्टियां साथ मिलकर रणनीति बनाएंगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तमाम कयासों के बाद सपा और कांग्रेस का गठबंधन हो गया है। सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें भी आ रहीं है कि राहुल और अखिलेश चुनाव प्रचार के दौरान मंच साझा करेंगे।

शिअद-कांग्रेस के कई नेता आप में

जालंधर — पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस के कई नेता आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। ये नेता ‘आप’ के पंजाब प्रभारी संजय सिंह की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए। दोआबा के प्रमुख नेताओं और ओबीसी दोआबा जोन कांग्रेस के प्रभारी तेजिंदर सिंह हैरी तथा जिला कल्याण सेल के महासचिव राजिंदर शर्मा ने कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों का विरोध करते हुए पार्टी का साथ छोड़ आप पार्टी में शामिल हो गए हैं। इसी प्रकार नूरमहल में पूर्व अकाली विधायक स्व. गुरदीप सिंह भुल्लर के भाई डोगर सिंह भुल्लर तथा पूर्व अध्यक्ष औऱ कई सरपंच आप में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 12 रैलियां

लखनऊ —  यूपी चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी 12 जगह रैलियां करेंगे। पीएम मोदी का इलेक्शन कैंपेन फरवरी से शुरू होगा। मोदी की पहली चार रैलियां चार, सात, 10 और 12 फरवरी को होंगी। यह रैलियां कहां होंगी, ये अभी तय नहीं हुआ है। खबर ये भी है कि शनिवार को बीजेपी यूपी के लिए मैनिफेस्टो जारी कर सकती है। इस दौरान अमित शाह, राजनाथ सिंह, कलराज मिश्रा और पार्टी के दूसरे बड़े नेता यहां मौजूद रहेंगे।

भाजपा को समर्थन नहीं देगा रालोद

लखनऊ — राष्ट्रीय लोकदल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को किसी हालत में समर्थन नहीं देने की शुक्रवार को घोषणा की। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने कहा कि भाजपा से चुनाव के पहले या बाद में कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा, लेकिन धर्मनिरपेक्ष दलों से समझौता करने के विकल्प खुले रखे जाएंगे। रालोद सूबे में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में भी रालोद को अच्छा समर्थन मिल रहा है।

दूसरे दिन तीन सभाएं करेंगे राहुल

चंडीगढ़ — कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार के दूसरे दिन शनिवार को तीन दिन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। श्री गांधी शुक्रवार  से पंजाब में तीन दिन तक लगातार चुनाव प्रचार पर हैं। शुर्क्रवार को उन्होंने रामपुरा फल, तलवंडी तथा बठिंडा में चुनाव सभाएं कीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App