कोर्ट के बाहर महिला पर चाकू से वार

By: Jan 12th, 2017 12:10 am

NEWSगोहर, चैलचौक— उपमंडल गोहर मुख्यालय कोर्ट परिसर के समीप एक व्यक्ति ने महिला पर दिनदहाड़े चाकू से बार कर उसे लहूलुहान कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से पूर्व दो गुटों में लेन देन पर चली रही बहसबाजी में अचानक आरोपी ने महिला पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला के मुंह पर काफी चोट आई और वह एक एकदम नीचे गिर पड़ी। क्षेत्र का मुख्यालय होने के नाते महिला पर बेदर्दी से हुई घटना के कारण पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोहर पुलिस थाना प्रभारी चांद किशोर टीम सहित घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना प्रभारी चांद किशोर ने मामले में ज्ञान चंद पुत्र राधे लाल गांव पिपलागलू डाकघर मौवीसेरी तहसील चच्योट को घटना का आरोपी बताया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने घटना स्थल पर खिला उर्फ किरणा देवी पत्नी शिवलाल गांव व डाकघर स्यांज पर तेजधार हथियार चाकू से हमला कर दिया है। घटना में घायल हुई महिला को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना में घायल हुई महिला जानकारी के अनुसार अपने पति के साथ माननीय अदालत में किसी मामले से संबधित आई हुई थी। वहीं डीएसपी हैडक्वार्टर हितेश लखनपाल ने घटना की पुष्टि की है। उधर, बार एसोशिएसन गोहर के अध्यक्ष अमर पसरिचा, हेम सिंह ठाकुर, नरेश शर्मा सहित समस्त बार सदस्यों ने घटना की घोर निंदा की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App