चोटियों पर बर्फ… मैदानों में बारिश

By: Jan 31st, 2017 12:07 am

newsभरमौर —  जनजातीय क्षेत्र भरमौर की चोटियों पर एक मर्तबा फिर हिमपात का क्रम आरंभ हो गया है, जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई है। सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली और यहां पहाड़ों पर बर्फबारी का क्रम आरंभ हो गया। मौसम के कडे़ तेवरों के चलते यहां पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिसके चलते आम जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। अहम है कि इस मर्तबा सर्दियों के सीजन में भरमौर क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई है। खासकर ऊंचाई पर बसे गांवों में भारी हिमपात हुआ है। जिस कारण यहां पर जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। वहीं गत दिनों यहां हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलों को भी बढ़ा दिया था। अलबत्ता यहां पर कुछ दिन मौसम साफ  रहने के बाद पुनः मौसम ने यहां करवट बदल ली और सोमवार शाम को यहां पर बारिश का क्रम आरंभ हो गया है।  उधर, मौसम के रुख बदलने के बाद यहां पर ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है।

बिजली बोर्ड के एक करोड़ गर्क

चंबा-बर्फबारी और बारिश के चलते बिजली बोर्ड को बीते 24 घंटों के दौरान एक करोड़ बीस लाख रुपए की राशि का नुकसान हुआ है। उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजली बोर्ड द्वारा गत 24 घंटे के दौरान हुए नुकसान की इस रिपोर्ट के बाद बिजली बोर्ड को अब तक कुल दो करोड़ 30 लाख रुपए की राशि का नुकसान हो चुका है। इसी तरह बीते 24 घंटों में लोक निर्माण विभाग ने भी 24 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया है। उन्होंने बताया कि पहली जनवरी से लेकर अब तक जिले में सबसे ज्यादा नुकसान सड़कों को हुआ है। सड़कों के नुकसान का कुल आंकड़ा 17 करोड़ 31 लाख रुपए तक पहुंच गया है। उपायुक्त ने बताया कि इस अवधि में अभी तक जिले में नुकसान का कुल आंकड़ा 21 करोड़ 43 लाख रुपए तक पहुंच चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान दुर्घटना में किसी की जान जाने की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App