चौड़ा मैदान में खुलेगा सेना का संग्रहालय

By: Jan 27th, 2017 12:05 am

शिमला — पहाड़ों की रानी शिमला में सेना संग्रहालय खुलेगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह गुरुवार को इसका शुभारंभ करेंगे। सेना संग्रहालय खुलने से लोगों को सेना के शौर्य और आधुनिक हथियारों की जानकारी मिलने लगेगी। सेना का एक संग्रहालय शिमला के चौड़ा मैदान में खुलेगा, इसके लिए सेना ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जानकारी के अनुसार सीएम वीरभद्र सिंह गुरुवार को इसका शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में सेना और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। सेना का यह संग्राहल मौजूदा समय चौड़ा मैदान में चल रहे राज्य संग्राहल में ही खुलेगा। इसके लिए सेना को राज्य सरकार की ओर से यहां तीन कमरे उपलब्ध करवाए गए हैं। सेना के इस संग्रहालय में सेना के आधुनिक हथियारों के प्रोटोटाइप रखे जाएंगे। बताया जा रहा है कि यहां सेना के आधुनिक लड़ाकू विमान, मिसाइलें, रॉकेट  लांचर, मोर्टार जैसे आधुनिक सैनिक उपकरणों को प्रदर्शित किया जाएगा। यही नहीं इस संग्रहालय में हिमाचल के वीर सैनिकों के शौर्य की भी जानकारी मिलेगी। सेना और पैरामिलिट्री फोर्स में हिमाचल से भारी संख्या में जवान और अधिकारी तैनात है। यही नहीं यहां के जवानों ने जरूरत पड़ने पर देश के लिए अपने प्राणों की भी आहुतियां दी हैं। हिमाचल के इन वीर जवानों की वीरता का उल्लेख इस संग्राहलय में देखने को मिलेगा।  हिमाचल में मौजूदा समय में सेना का एक संग्रहालय शिमला के अन्नाडेल मैदान में स्थापित किया गया है। शहर के मुख्य क्षेत्र से दूर होने की वजह से यहां कम सैलानी और दूसरे लोग पहुंचते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App