जिंदगी जाम, फसलों में आई जान

By: Jan 7th, 2017 12:03 am

news

हिमाचल में अरसे बाद बढि़या बारिश बर्फबारी; किसान-बागबान बाग-बाग, पर्यटन कारोबार को मिली धार

मनाली में शाम साढ़े आठ बजे तक तीन इंच बर्फ

पतलीकूहल— मनाली में विंटर कार्निवाल के समापन पर शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे तक करीब तीन इंच बर्फबारी हो चुकी थी। एक ओर जहां शरदोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का धमाल अपने पूरे यौवन पर रहा, वहीं पर कुदरत ने भी इस राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल पर पूरी मनु नगरी को सफेद लिवास पहना कर जश्न को चार गुना कर दिया। देश के कोने-कोने से आए प्रतिभागियों में वॉयस ऑफ विंटर कार्निवाल व विंटरक्वीन के देर रात तक आने वाले परिणाम से पहले ही मनाली में कुदरत द्वारा बिछाई गई बर्फ की बिसात से सभी को खुश कर दिया। मनाली की मनु रंगशाला में चले रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को छोड़ केर सैलानियों ने मालरोड पर ताजा बर्फ में खुशी मनाकर कुदरत के इस तोहफे का बखूबी मजा लिया। मौसम का यह मिजाज जिस तरह से विंटर कार्निवाल के समापन समारोह पर बर्फ गिराने में सफल हुआ दिन से ही लोगों को यह नजारा आंखों के सामने लग रहा था जो देर रात तक पूरा हुआ है।

खड़ामुख-होली समेत दर्जन भर सड़कें बंद

भरमौर— बर्फबारी की जद में आए भरमौर के खड़ामुख-होली मुख्य सड़क समेत दर्जन भर संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। मच्छेतर के निकट भू-स्खलन से होली घाटी का संपर्क शेष विश्व से कट गया है, जबकि दर्जन भर ग्रामीण सड़कें भी बर्फबारी से ठप हो गई हैं। सूचना है कि ग्रीमा, बडग्रां, चौभिया, उलांसा, लामू, चन्हौता, न्याग्रां, सुटकर, गुवाड व कुलेठ संपर्क मार्ग भी बंद पड़ गए हैं।

धौलाधार पर बर्फ, मैदानों में सूखा खत्म

धर्मशाला— बारिश ने चंगर क्षेत्रों के किसानों के चेहरों पर रौनक ला दी है। अब किसान सूखे पड़े खेतों में आसानी से फसल की बिजाई कर सकते हैं। दूसरी ओर धौलाधार पर बर्फबारी और निचले इलाकों में हुई बारिश से जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। शुक्रवार को दिन के समय धर्मशाला का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्यियस, जबकि न्यूनतम आठ डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने धर्मशाला में 2.6 मिलीलीमीटर बारिश दर्ज की है। विभाग द्वारा अगले दो दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। धौलाधार की पहाडि़यों पर हुई बर्फबारी से होटलियर्ज को भी अब अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।

मुल्थान एरिया में पांच सेंटीमीटर तक बर्फ

मुल्थान— चोहार घाटी व छोटा भंगाल दो से पांच सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ है। गांव राज गुंधा, बड़ा गांव, कुकड गुंधा, कोली रोलिंग, धर्माण, रोलिंग, खबान, झुकान, पंजोंड, भुजलिंग, पोलिंग, जधार, छेरना व देवी बडधारनी में हिमपात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुल्थान बाजार व उपरोक्त गांवों में समाचार लिखे जाने तक एक सेंटी मीटर से तीन सेंटीमीटर तक बर्फ पड़ गई थी। मुल्थान कोठी कोढ़ ब बरोट लोहारडी सड़क पर बसें नहीं चलीं। किसानों सीताराम, चमेल राम सिंह, कृष्ण, सुखराम, प्रेम चंद, लक्ष्मण सिंह व प्रताप सिंह ने कहा कि कई दिनों से इस क्षेत्र के लोग बारिश व बर्फ के लिए देवताओं के शरण में पूजा अर्चना कर रहे थे, जिसका फल शुक्रवार को मिल गया है। अरसे बाद मौसम में आए बदलाव से किसान-बागबान खुश नजर आ रहे हैं और अब बेहतर फसल की उम्मीद कर रहे हैं।

सैलानियों के चेहरे खिले फाहों में दिल खोल झूमे

शिमला – शिमला सहित प्रदेश के अन्य पर्वतीय हिस्सों में ताजा हिमपात से पर्यटन व्यवसायियों व हिमाचल पहुंचे सैलानियों के चेहरे खिल उठे हैं। बर्फबारी का मंजर देखते ही सैलानी पर्यटक स्थलों में भारी संख्या में उमड़ने लगे, जिससे पर्यटन कारोबारी भी चहक उठे हैं। चार महीनों के दौरान यह पहला मौका है कि मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी स्टीक बैठा है। दूसरी और निचले क्षेत्रों में बारिश से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है।

बागबानी को आक्सीजन

सेब बागीचों में सूखे की स्थिति थी। हिमपात से अब बागीचों को तैयार करने में भी मदद मिलेगी। बर्फ इस सीजन में बागीचों के लिए खुराक का काम करती है।

शिमला शहर में भी बर्फबारी

शिमला शहर में शुक्रवार को दिनभर मौसम खराब रहा। तेज हवाएं चलती रहीं और शाम पांच बजे के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। फाहों के बीच सैलानियों ने कुदरत के इस अंदाज का जमकर लुत्फ उठाया।

कल्पा का पारा -2.6 डिग्री

कल्पा का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर -2.6 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा केलांग में न्यूनतम पारा 5.9 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

रोहतांग पर तीन फुट बर्फ, लाहुल शेष विश्व से कटा

कुल्लू – रोहतांग दर्रे पर तीन फुट तक ताजा हिमपात हुआ है। हिमपात के बाद बर्फीली हवाओं से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुल्लू व लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने भी लोगों को एहतियात बरतने को कहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही दोनों जिलों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर दिन भर चलता रहा। रोहतांग दर्रे पर शाम सात बजे तक तीन फुट तक हिमपात दर्ज किया जा चुका था। मनाली तथा लाहुल-स्पीति की चोटियों पर भी दो से तीन फुट के करीब ताजा बर्फबारी हुई है। मढ़ी, सोलंगनाला, वशिष्ठ में सात बजे तक काफी बर्फबारी हुई। मनाली में खबर लिखे जाने तक एक से दो इंच तक बर्फबारी हो चुकी थी। इसके अलावा मणिकर्ण घाटी, गड़सा घाटी, लगघाटी, बंजार, सैंज घाटी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। रोहतांग में बर्फबारी से लाहुल-स्पीति जिला शेष विश्व से कट गया है। जलोड़ी जोत पर हिमपात से बाह्य सराज का जिला मुख्यालय से जलोड़ी जोत वाला संपर्क कट चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App