दो दशक से… टैक्स की आस

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

दौलतपुर चौक —  नगर पंचायत दौलतपुर चौक में कई लोग हाउस टैक्स जमा नहीं करवा रहे हैं। करीब दो दशक बाद भी नगर पंचायत को यह राशि नहीं मिल पाई है। लाखों रुपए की राशि लोगों के पास फंसी होने के चलते नगर पंचायत के कई कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि नगर पंचायत की ओर से हाउस टैक्स जमा नहीं करवाने वाले लोगों को नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन उसके बावजूद इन लोगों ने टैक्स जमा नहीं करवाया। हाउस टैक्स जमा नहीं होने के चलते नगर पंचायत का बजट की गड़बड़ा रहा है। नगर पंचायत दौलतपुर चौक के तहत सात वार्ड हैं। करीब पांच हजार की आबादी नगर पंचायत में तहत है। करीब 10 हजार लोगों की आवाजाही यहां पर रहती है। नगर पंचायत द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने पर भी कुछ लोग टैक्स जमा नहींकरवा रहे हैं। उक्त सिलसिला 1997 से बदस्तूर जारी है, जो कि 20 वर्ष बीत जाने से नगर पंचायत के लिए परेशानी बन चुका है। नगर पंचायत के तहत एक और सात शहरी क्षेत्र में आते हैं। नगर पंचायत के तहत वार्ड नंबर दो, तीन, चार, पांच व छह का इलाका पहाड़ी क्षेत्र में है। करीब 25 लाख के बकाया टैक्स में से 21 लाख रुपए की टैक्स की राशि वार्ड नंबर एक और सात में फंसी हुई है। दो वार्ड के लोगों के पास भारी भरकम हाउस टैक्स की राशि फंसी है, जबकि तीन लाख रुपए की हाउस टैक्स की राशि वार्ड नंबर दो में फंसी हुई है। इसके अलावा नंबर तीन, चार, पांच व छह में एक लाख रुपए हाउस टैक्स राशि बकाया है। केंद्र सरकार द्वारा आठ नवंबर को नोटबंदी की घोषणा किए जाने के बाद कुछ लोगों ने उस समय टैक्स चुकाया, लेकिन जब नगर पंचायत ने बकाया टैक्स के लिए पुराने नोट जमा करवाने की आकर्षक योजना निकाली थी, लेकिन उस समय भी महज दो लाख का टैक्स जमा हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App