पंजाब में चार फरवरी को वोटिंग

By: Jan 5th, 2017 12:02 am

विधानसभा चुनावों की घोषणा होते ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू, 18 को भरे जा सकेंगे नामांकन पत्र

चंडीगढ़ —  पंजाब विधानसभा चुनावों का बिगुल बजते ही चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। अधिसूचना 11 जनवरी को लागू होगी तथा मतदान चार फरवरी  को होगा। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने बुधवार को कहा कि चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से कराए जाने के लिए आयोग की ‘सर्विलेंस टीम’ सक्रिय हो गई है। श्री सिंह ने कहा कि राज्य में चुनाव के लिए बने कुल 22 हजार 600 मतदान केंद्रों में से चार हजार केंद्रों पर कैमरे लगाए गए हैं और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। कोई भी रिकार्डिंग देख सकता है। इसके अलावा रात दिन फ्लाइंग स्क्वाइड तैनात रहेगा। पंजाब विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 11 जनवरी को जारी होगी, जबकि 18 जनवरी को नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 19 जनवरी को होगी। नाम वापसी 21 जनवरी को होगी। चुनाव प्रक्रिया 15 मार्च को समाप्त होगी। अकाली दल ने अब तक अपने 89 उम्मीदवारों की घोषणा की है तथा उसकी सहयोगी भाजपा के हिस्से में आती 23 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान नहीं हुआ है। आप पार्टी अब तक कुल 108 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। उम्मीदवारों के ऐलान में सबसे पीछे कांग्रेस पार्टी रही है। अब तक उसने 77 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है। 40 सीटों पर घोषणा होनी है। बसपा ने भी अपने करीब 80 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आप से अलग हुए धड़े अपना पंजाब पार्टी तथा पंजाब फ्रंट भी कुछ सीटें घोषित कर चुका है।  पंथिक मोर्चे ने भी कुछ उम्मीदवार घोषित किए हैं तथा टीएमसी अभी चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है। राज्य की कुल 117 में से 34 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि अनुसूचित जनजाति के लिए यहां कोई सीट आरक्षित नहीं है। राज्य में कुल एक करोड़ 92 लाख 14 हजार 236 मतदाता हैं। इन मतदाताओं के लिए कुल 22600 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। पिछले चुनाव में राज्य में 19724 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस बार इनमें 14.5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है। पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 18 मार्च, 2017 को समाप्त हो रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में शिरोमणि अकाली दल तथा भारतीय जनता पार्टी गठबंधन सरकार बनी थी।

117 सीटों पर लड़ेंगे सभी दल

पंजाब विधानसभा की 117 सीटें हैं। वर्ष 2012 के चुनाव में अकाली 56 सीटें, कांग्रेस 46, भाजपा 12 और तीन सीटें निर्दलियों को मिली थीं। इस बार चुनावी परिदृश्य कुछ अलग है। चुनाव मैदान में आप पार्टी के ताल ठोकने से कांग्रेस तथा अकाली भाजपा गठबंधन का गणित कुछ गड़बड़ा गया तथा इन्हें अपनी रणनीति में कुछ बदलाव करना पड़ा। लोकसभा चुनाव में आप को राज्य की 13 सीटों में से चार सीटें हासिल हुईं तथा 40 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में लीड मिली थी। उसके बाद पार्टी की स्थिति बहुत अच्छी रही, लेकिन चुनावी वर्ष में पार्टी के दो फाड़ होने, दो सांसदों का निलंबन और पार्टी पदाधिकारियों पर आरोपों में घिरी आप की लोकप्रियता का ग्राफ गिरता गया। अब चुनाव ही बताएगा कि किस पार्टी की क्या स्थिति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App