पार्टी बदलते ही सिद्धू के बदले सुर कांग्रेस कौशल्या, भाजपा कैकेयी

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

NEWSनई दिल्ली— कांग्रेस में शामिल होने के एक ही दिन बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को मीडिया से मुखातिब हुए अपनी पुरानी पार्टी भाजपा और उसके साथी शिरोमणि अकाली दल को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान सिद्धू ने कांग्रेस को कौशल्या तो भाजपा को कैकेयी बताया। उन्होंने ने भाजपा और अरुण जेटली पर चुटकी लेते हुए कहा कि लोग कहते हैं कि सिद्धू पार्टी को मां कहता था, लेकिन मां तो कैकेयी भी थी। सबको पता है कि मंथरा कौन है पंजाब में उन्होंने कहा कि मैं तो पैदायशी कांग्रेसी हूं। यह मेरी घर वापसी है। मेरे पिता ने 40 साल कांग्रेस की सेवा की। मुझे फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या कहेंगे। यह मेरी निजी लड़ाई नहीं है, पंजाब के स्वाभिमान की लड़ाई है। पंजाब की साख धूल में मिलाकर रख दी गई है। ड्रग्स पंजाब की सच्चाई बन गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर तंज पर कसते हुए सिद्धू ने कहा कि भाग बादल भाग, जनता आती है। बादल को कुर्सी खाली करनी होगी। जो पंजाब हरित क्रांति के लिए जाना जाता था, आज सफेद चिट्टे (ड्रग्स) के लिए जाना जाता है। हम ड्रग्स के खिलाफ सख्त कानून बनाएंगे और इस बारे में मैंने राहुल भाई से बात की है। सिद्धू ने कहा कि पार्टियां अच्छी या बुरी नहीं होतीं, उन्हें चलाने वाले अच्छे या बुरे होते हैं। अकाली दल कभी पवित्र जमात था, आज एक जायदाद बन गया है। सिद्धू ने राज्य के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य सरकार के खजाने को लूट लिया गया है। पंजाब पर दो लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो गया है। तुम धंधा करते हो, मैं बेनकाब करूंगा। मैं तुम्हारी पोल खोलूंगा। कैप्टन अमरिंदर के साथ मनमुटाव पर सिद्धू ने कहा कि जब लालू और नीतीश एक हो सकते हैं तो हम क्यों नहीं। वह पंजाब बचाने के लिए कांग्रेस में आए हैं, इसलिए किसी भी नेता के खिलाफ और कहीं से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं। जहां से पार्टी कहेगी, मैं वहां से चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि मेरा भाजपा से कोई मनमुटाव नहीं है। मैं भाजपा में रहकर बादल के खिलाफ लड़ा। भाजपा ने अकाली दल के साथ गठबंधन चुना, मैंने पंजाब चुना।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App