बीते हफ्ते सोना 500 रुपए महंगा

By: Jan 2nd, 2017 12:05 am

नई दिल्ली – नोटबंदी और वैश्विक स्तर पर अमरीकी अर्थव्यवस्था की मजबूती से लगातार चार सप्ताह तक गिरावट में रहने के बाद गत सप्ताह डालर के कमजोर से सोने-चांदी की चमक लौट आई है। डालर के कमजोर होने से बनी सकारात्मक धारणा से गत सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 500 रुपए प्रति दस ग्राम की साप्ताहिक तेजी के साथ 28300 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 590 रुपए की तेजी के साथ 39400 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। गत सप्ताह अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय दोनों स्तर पर सोने तथा चांदी में साप्ताहिक बढ़त रही। लगातार चौथे सप्ताह की गिरावट के बाद दोनों कीमती धातुओं के भाव में यह तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 19.45 डालर की साप्ताहिक तेजी के साथ सप्ताहांत पर शुक्रवार को 1151.20 डालर प्रति औंस बोला गया। अमरीकी सोना वायदा भी 18.90 डालर चढ़कर 1152.00 डालर प्रति औंस पर आ गया। स्थानीय सर्राफा बाजार में औद्योगिक मांग में आई तेजी से चांदी 590 रुपए की साप्ताहिक बढ़त के साथ 39400 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी हाजिर 0.07 डालर उछलकर सप्ताहांत पर 15.88 डालर प्रति औंस बोली गई। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि डालर में गिरावट तथा मांग में मामूली वृद्धि से सोने को बल मिला है। साल की पहली तीन तिमाहियों में आर्थिक एवं राजनीतिक अनिश्चितता के माहौल में सोने में तेज बढ़ोतरी देखी गई थी। नवंबर में इसमें एकाएक गिरावट आई, लेकिन उसके बाद भी इस साल यह करीब नौ प्रतिशत की बढ़त में रहा है। गत सप्ताह के छह कारोबारी दिवसों में मात्र शनिवार को सोने की कीमतों में 200 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी में 500 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट देखी गई। शेष पांच दिन सोने तथा चांदी में लगातार बढ़त रही। गत सप्ताह भी स्थानीय बाजार में नोटबंदी हावी रही, लेकिन  क्रिसमस के लंबे सप्ताहांत के बाद बाजार में मंगलवार को खरीददारी तेज होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु में जबरदस्त उछाल आया, जिसका असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी पड़ा। मुख्य रूप से चीन से आई मांग ने सोने को मजबूती दी। कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक रुख और स्थानीय बाजार में जेवराती मांग में आई तेजी से सोना चमका  है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App